नीमच में यात्री बसों पर यातायात पुलिस का शिकंजा: विशेष जांच अभियान में 13 बसों की चेकिंग, कमियां मिलने पर 16,500 का लगाया जुर्माना
Published:
2 min read

नीमच में यातायात पुलिस ने यात्री बसों की चेकिंग की, मिलीं कमियां।
नीमच। यात्री बसों में सुरक्षा इंतजामों और यातायात नियमों के पालन की जांच के लिए नीमच यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन के सामने कनावटी रोड पर यात्री बसों की जांच की गई। इस दौरान 13 बसों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 6 में कमियां मिलने पर कुल 16,500 रुपए का समन शुल्क लगाया गया।
दस्तावेजों से लेकर सुरक्षा उपकरणों तक की जांच
पुलिस मुख्यालय भोपाल और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देश पर थाना प्रभारी यातायात मलखान सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह अभियान चलाया। जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, टैक्स, बीमा, पीयूसी प्रमाण-पत्र और परमिट सहित जरूरी दस्तावेज देखे गए। इसके अलावा फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, पैनिक बटन और आपातकालीन खिड़की की कार्यशीलता भी जांची गई। बस चालकों और परिचालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया।
6 बसों पर चालानी कार्रवाई
अभियान के दौरान जांच में कमियां पाए जाने पर 6 बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इन पर कुल 16,500 रुपए का समन शुल्क अधिरोपित किया गया। साथ ही चालक और परिचालकों को दस्तावेजों की कमियां दूर करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
सड़क हादसों में मददगार योजनाओं की जानकारी
जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम ने यात्रियों, चालकों और परिचालकों को राहवीर योजना, प्रधानमंत्री राहत कैशलेस ट्रीटमेंट योजना और हिट एंड रन योजना के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं लाभों की जानकारी भी दी। पुलिस ने सड़क दुर्घटना की स्थिति में उपलब्ध सहायता और संबंधित योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य लोक परिवहन को सुरक्षित बनाना, बसों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना और यात्रियों की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन कराना है।


