नीमच पुलिस की गांधी स्क्रैप ट्रेडर्स पर बड़ी कार्रवाई: दुकान और गोदाम सील कर रजिस्टर-डायरी जब्त कीं, चोरी के संदिग्ध सामान की जांच शुरू
Published:
2 min read

नीमच में पुलिस ने ग्वालटोली के बरखेड़ा रोड स्थित गांधी स्क्रैप ट्रेडर्स की दुकान और गोदाम पर दबिश देकर दोनों को सील किया।
नीमच। जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और आगामी त्यौहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में ग्वालटोली स्थित बरखेड़ा रोड पर बाबूलाल गांधी के गांधी स्क्रैप ट्रेडर्स पर पुलिस ने अचानक दबिश दी। तीन थानों की पुलिस ने दुकान और गोदाम में सघन जांच-पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
दुकान और गोदाम को किया सील
प्रारंभिक जांच के दौरान गोदाम में कुछ सामान चोरी का संदिग्ध पाए जाने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बघाना थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान और नीमच सिटी थाना प्रभारी विजय सागरिया ने दुकान और गोदाम को बंद करवाकर सील कर दिया। इसके अलावा सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के लिए पुलिस ने कुछ रजिस्टर और डायरियां भी जब्त की हैं।
चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जांच
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्क्रैप कारोबार में चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, गोदाम में मिले संदिग्ध सामान की विस्तृत जानकारी और उसके चोरी का होने की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
त्यौहारों से पहले पुलिस का विशेष अभियान
इस पूरे मामले में बघाना थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान और नीमच सिटी थाना प्रभारी विजय सागरिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देश पर आगामी त्यौहारों और शहर में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहर की सभी स्क्रैप दुकानों और अन्य संदिग्ध स्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- मैहर में अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस-प्रशासन की छापेमारी: 1.10 लाख से अधिक का माल जब्त
विजय, थाना प्रभारी
पुष्पासिंह चौहान, थाना प्रभारी

