अब चक्रवात 'मुरासु' से बदलेगा मौसम: मध्य प्रदेश में 3 दिन दिखेगा तूफान का असर, 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं!
Published:
2 min read

मध्य प्रदेश में तूफान 'मुरासु' के प्रभाव से मौसम बदला, AI फोटो।
भोपाल। मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। तूफान 'मुरासु' के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार को जबलपुर समेत प्रदेश के 23 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन 23 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर, सीधी, मऊगंज और सिंगरौली में मौसम प्रभावित हो सकता है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। तेज हवाओं के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में खिली रहेगी धूप
प्रदेश के बाकी जिलों में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, रीवा, सतना, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में धूप खिलने के आसार हैं। मौसम के इस बदलाव के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है, जबकि अन्य जिलों में गर्मी और धूप का असर बना रहेगा।

