मैहर में NH-30 पर भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार बाइक ने मजदूरों को मारी टक्कर; 6 घायल, 2 की हालत गंभीर
Published:
2 min read

मैहर सड़क हादसे में घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी।
मैहर। नेशनल हाईवे-30 पर पोड़ी के पास बुधवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक ने पैदल घर लौट रहे मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक समेत 6 लोग घायल हो गए, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को सिविल अस्पताल मैहर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
काम खत्म कर पैदल घर लौट रहे थे मजदूर
बुधवार शाम करीब 6:30 बजे राजेश, सुरेश और उनके अन्य साथी एक नव-निर्मित मकान में सेंटरिंग का काम खत्म कर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मजदूरों के साथ बाइक चालक भी घायल हो गया।
कन्हवारा के पास दो अन्य बाइक सवार भी दुर्घटनाग्रस्त
बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके की ओर आ रहे बाइक चालक के दो अन्य साथी कन्हवारा के पास बाइक फिसलने से दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस घटना में दोनों को सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।
समाजसेवियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद समाजसेवी छोटू कुशवाहा और उनके साथियों ने ऑटो सहित अन्य वाहनों की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया। अस्पताल में सभी का उपचार जारी है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- कपास और तुअर की फसल के बीच उगाया गांजा: बुरहानपुर पुलिस ने दबिश देकर जब्त किए 96 पौधे; 1 लाख का माल बरामद

