कपास और तुअर की फसल के बीच उगाया गांजा: बुरहानपुर पुलिस ने दबिश देकर जब्त किए 96 पौधे; 1 लाख का माल बरामद
Published:
2 min read

तुअर और कपास की फसल के बीच उगा रखे थे गांजे के 96 पौधे।
बुरहानपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेपानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मांडवा गांव में एक खेत से गांजे के 96 पौधे जब्त किए हैं। आरोपी ने तुअर और कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रखे थे। जब्त पौधों का कुल वजन 49.740 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार मिला।
मुखबिर की सूचना पर खेतों में की सर्चिंग
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को नेपानगर थाना प्रभारी शहाबुद्दीन कुरैशी को मुखबिर से सूचना मिली कि नेपानगर के पास स्थित मांडवा गांव में एक युवक अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर मांडवा के पटेल मोहल्ले के आसपास स्थित खेतों में सर्चिंग शुरू कराई। काफी तलाश के बाद पुलिस को आरोपी प्रकाश बारेला के खेत में तुअर और कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे मिले।

96 पौधे जब्त, वजन 49.740 किलो
पुलिस ने खेत में लगे सभी गांजे के पौधों को जब्त कर लिया। जांच में हरे, पत्तेदार और कलीदार कुल 96 पौधे मिले, जिनकी लंबाई 4 से 7 फीट तक थी। इनका कुल वजन 49.740 किलोग्राम पाया गया। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए है।

आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में केस दर्ज
कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रकाश बारेला मौके पर नहीं मिला। थाना प्रभारी शहाबुद्दीन कुरैशी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि नेपानगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

