खंडवा में शादियों में DJ बजाने पर लगा बैन: तिरोले कुनबी पटेल समाज की अनूठी पहल, नियम तोड़ने पर 42 हजार का जुर्माना
Published:
3 min read

शादी में डीजे बजाने वर-वधु दोनों पर 21-21 हजार जुर्माना।
खंडवा। सामाजिक आयोजनों में बढ़ते दिखावे और अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने के लिए श्री तिरोले कुनबी पटेल समाज ने कई अहम फैसले लिए हैं। ओंकारेश्वर में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक बैठक में समाज ने सर्वसम्मति से विवाह समारोहों और अन्य सामाजिक आयोजनों में सादगी को बढ़ावा देने के लिए नए नियम लागू करने का निर्णय लिया।
शादी समारोह में DJ पर बैन
सबसे बड़ा फैसला विवाह समारोह और बारात में DJ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का है। समाज के निर्णय के मुताबिक, यदि शादी या बारात में DJ बजाया गया तो वर पक्ष और वधु पक्ष दोनों पर 21-21 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। यानी कुल 42 हजार रुपए की राशि समाज के संगठन कोष में जमा करनी होगी। बताया गया है कि नियम लागू होने के 24 घंटे के भीतर ही 10 परिवारों ने DJ की बुकिंग रद्द कर दी।
प्री-वेडिंग शूट पर भी रोक
समाज ने विवाह से पहले होने वाले महंगे प्री-वेडिंग फोटो और वीडियो शूट पर भी रोक लगाने का फैसला किया है। इसके पीछे समाज का उद्देश्य शादी के नाम पर होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करना बताया गया है।
सगाई और रिंग सेरेमनी भी होंगी सीमित
रिंग सेरेमनी और सगाई समारोह में केवल करीबी रिश्तेदारों को शामिल करने पर सहमति बनी है। भव्य मंच और गैर-जरूरी खर्चों को सीमित करने का निर्णय लिया गया है। इसी तरह बच्चे के जन्म से जुड़े गोद भराई और पावना-पावनी जैसे आयोजनों में भी अतिथियों की संख्या सीमित रखने का फैसला लिया गया है।
अंतिम संस्कार की परंपरा में भी बदलाव
समाज ने अंतिम यात्रा से जुड़ी एक परंपरा में बदलाव करते हुए कपड़े ले जाने की प्रथा समाप्त करने का निर्णय लिया है। अब अंतिम यात्रा में केवल घी, कपूर और अगरबत्ती ले जाने की व्यवस्था रहेगी।
साल में एक बार होगा धन संग्रह
समाज संगठन से जुड़े मामलों में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सालभर अलग-अलग अवसरों पर बार-बार चंदा एकत्र करने के बजाय अब वर्ष में केवल एक बार व्यवस्थित रूप से धन संग्रह किया जाएगा। इसके अलावा सितंबर महीने में सेक्टर स्तर पर युवाओं के लिए प्रशिक्षण शिविर, रोजगार मेले, महिला सम्मेलन और बालिका शिक्षा से जुड़ी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। किसानों के लिए खेती-किसानी से जुड़े विकास कार्यक्रमों और विशेष कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा।
106 गांवों में समाज का प्रभाव
श्री तिरोले कुनबी पटेल समाज का प्रभाव खंडवा जिले के करीब 106 गांवों तक बताया गया है। समाज से लगभग 15 हजार परिवार और करीब 80 हजार लोग जुड़े हुए हैं। समाज पदाधिकारियों के अनुसार, इन फैसलों का उद्देश्य किसी पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, अनुशासन और सादगी को बढ़ावा देना है। साथ ही मध्यमवर्गीय परिवारों को शादी और अन्य सामाजिक आयोजनों में होने वाले अनावश्यक आर्थिक बोझ से बचाना भी इन फैसलों का प्रमुख उद्देश्य है।
ये भी पढ़ें- मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना अगले 5 साल तक रहेंगी जारी

