खंडवा में आवारा कुत्तों की नसबंदी में भ्रष्टाचार मामले में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन: कुत्ते के भेष में प्रदर्शन के बाद आम लोगों ने की "डोगेश जनता पार्टी" बनाने की मांग
Published:
2 min read

खंडवा में डोगेश जनता पार्टी बनाने की मांग
खंडवा। जिले में आवारा कुत्तों की नसबंदी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता एवं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर द्वारा किए गए अनोखे प्रदर्शन के बाद अब सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और मजेदार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। प्रदर्शन के दौरान ‘डॉग’ का भेष धारण कर पहुंचे व्यक्ति को लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर रील, मीम और फोटो तैयार कर इसे राजनीतिक अंदाज में पेश करना शुरू कर दिया है।
खंडवा में डोगेश जनता पार्टी बनाने की पहल
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने चुटकी लेते हुए खंडवा में एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का सुझाव तक दे दिया। लोगों का कहना है कि जिस तरह प्रदर्शन में ‘डोगेश भाई’ का रूप चर्चा में आया, उसी तर्ज पर अब ‘डोगेश जनता पार्टी’ बनाई जानी चाहिए। सोशल मीडिया यूजर्स ने कांग्रेस नेता मुल्लू राठौर से मजाकिया अंदाज में नई पार्टी तैयार करने की मांग भी की है।
नगर निगम पर आवारा कुत्तों की नसबंदी के मामले में करप्शन का आरोप
दरअसल, खंडवा नगर निगम क्षेत्र में आवारा कुत्तों की नसबंदी के मामले में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर जनसुनवाई में शिकायत करने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ डॉग के भेष में एक व्यक्ति भी मौजूद था। जनसुनवाई के दौरान पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के साथ हुए कथित विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। मामले को लेकर देशभर में चर्चाएं हुईं और कई टीवी चैनलों पर भी इस तरह के प्रदर्शन को लेकर बहस देखने को मिली।
प्रदर्शन को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आई सामने
वहीं, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से भी इस प्रदर्शन को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे अनोखा और ध्यान आकर्षित करने वाला प्रदर्शन बताया, जबकि कुछ ने सरकारी कार्यालय में इस तरह के गेटअप के साथ पहुंचने के तरीके पर सवाल उठाए।
सोशल मीडिया पर दिख रहा नया पहलू
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम का एक नया पहलू सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहा है, जहां लोग गंभीर मुद्दे को हास्य और व्यंग्य के रूप में पेश करते हुए ‘डोगेश जनता पार्टी’ के नाम से रील और तस्वीरें वायरल कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें - बाइक राइडर्स पर खंडवा पुलिस का शिकंजा

