फरार सीएसपी नेहा पच्चीसिया की याचिका पर सुनवाई पूरी: जमीन के सौदे में भूमिका से किया इनकार, हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित, अब निर्णय का इंतजार
Published:
3 min read

फरार सीएसपी नेहा पच्चीसिया की याचिका पर सुनवाई पूरी
कटनी। फरार महिला सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलों के बीच हाईकोर्ट में उनकी याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई है। बुधवार को जस्टिस आनंद पाठक और जस्टिस राजकुमार चौबे की युगलपीठ ने एफआईआर निरस्त करने और अग्रिम जमानत से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया। अब मामले में हाईकोर्ट के निर्णय का इंतजार है।
जमीन के सौदे में भूमिका से किया इनकार
इससे पूर्व में हुई सुनवाई के दौरान नेहा पच्चीसिया की ओर से दलील दी गई थी कि विवादित जमीन की खरीद-फरोख्त में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। उनके पक्ष के अनुसार जमीन मारूफ अहमद हनफी के नाम पर खरीदी गई थी और उसके बैंक खाते में क्षितिज राज पात्रे ने राशि ट्रांसफर की थी। नेहा पच्चीसिया के बैंक खाते से इस लेनदेन में किसी तरह का भुगतान नहीं हुआ। बचाव पक्ष ने कहा कि जमीन के सौदे में उनकी भूमिका साबित करने वाला कोई साक्ष्य नहीं है। याचिका के माध्यम से एफआईआर निरस्त करने और अग्रिम जमानत देने की मांग की गई है। हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
डिफॉल्ट जमानत से जुड़ा है पूरा मामला
गौरतलब है कि कटनी के कुठला थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत सीएसपी नेहा पच्चीसिया समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोप है कि कुठला थाना क्षेत्र के एक हत्या के मामले में निर्धारित समय-सीमा के भीतर चालान पेश नहीं होने के कारण आरोपी को डिफॉल्ट जमानत का लाभ मिल गया था। आरोपों के मुताबिक इसके एवज में संबंधित आरोपियों की जमीन कम कीमत पर एक एजेंट के नाम से खरीदी गई थी हालांकि नेहा पच्चीसिया की ओर से इन आरोपों को खारिज करते हुए जमीन के सौदे में अपनी भूमिका से इनकार किया था। फिलहाल अब हाईकोर्ट के सुरक्षित फैसले से यह स्पष्ट होगा कि नेहा पच्चीसिया को एफआईआर निरस्त कराने और अग्रिम जमानत के मामले में राहत मिलती है या नहीं।
कौन हैं नेहा पचिसिया
नेहा पचिसिया मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की पचोर तहसील की रहने वाली हैं। पुलिस सेवा में आने से पहले उन्होंने एयर इंडिया में एयर होस्टेस के तौर पर काम किया। 12वीं कक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने एविएशन की पढ़ाई की और एयरलाइन सेक्टर में कदम रखा, बाद में पचिसिया ने सरकारी नौकरी में जाने का फैसला किया। उन्होंने 2012 में एमपीपीएससी परीक्षा दी और 2016 में उसका फाइनल रिजल्ट आया। उन्होंने राज्य में 20वीं रैंक हासिल की और डीएसपी के तौर पर पुलिस सेवा जॉइन की। उनकी पहली पोस्टिंग गुना में सीएसपी के तौर पर हुई थी। बाद में उन्होंने भोपाल में पुलिस मुख्यालय में काम किया और खंडवा में भी तैनात रहीं। मई 2025 में उनका तबादला कटनी कर दिया गया और उन्हें शहर का सीएसपी नियुक्त किया गया।
ये भी पढ़ें - मध्य प्रदेश विधानसभा को पेपरलेस बनाने की पहल: विधायकों का ई-विधान प्रशिक्षण शुरू, NeVA ऐप के जरिए ऑनलाइन होंगे विधायी कामकाज

