रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर में युवा कांग्रेस और NSUI का हंगामा: कुलपति के खिलाफ किया प्रदर्शन, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन; 25 से अधिक अरेस्ट
Published:
2 min read

चुनाव नहीं कराए जाने पर उग्र किया जाएगा विरोध।
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में कुलपति के खिलाफ विरोध सहित छात्र संघ चुनाव कराने और धारा 52 लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय का घेराव किया जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास करते रहे जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया तत्पश्चात पुलिस ने 25 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है कार्रवाई के बाद फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है।
आरडीवीवी में अब तक चुनाव की तारीख नहीं की गई घोषित
एनएसयूआई नेता अनुराग शुक्ला ने आरोप लगाया कि छात्र संघ चुनाव को लेकर न्यायालय के निर्देश के बावजूद अब तक चुनाव की तारीख घोषित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सितंबर में चुनाव कराए जाने की बात कही गई थी लेकिन अभी तक न तो प्रत्यक्ष प्रणाली से और न ही निर्धारित मॉड्यूल के अनुसार चुनाव कराने को लेकर कोई स्पष्टता है।
चुनाव नहीं कराए जाने पर उग्र किया जाएगा विरोध
अनुराग शुक्ला ने कहा कि यदि छात्र संघ चुनाव नहीं कराए गए तो एनएसयूआई इसका पुरजोर विरोध करेगी। कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा पर भी आरोप लगाए और कहा कि गिरफ्तारियां भाजपा के इशारे पर की जा रही हैं।

