सागर जहरीली शराबकांड पर भोपाल में सियासी उबाल: यूथ कांग्रेस ने आबकारी मंत्री का पुतला फूंका, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का मांगा इस्तीफा
Published:
3 min read

पुलिस ने डिप्टी सीएम के बंगले के बाहर की बेरिकेडिंग।
भोपाल। सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद अब विरोध की आवाज भोपाल तक पहुंच गई है। घटना के विरोध में सोमवार को यूथ कांग्रेस ने न्यू मार्केट स्थित गेमन इंडिया मॉल के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आबकारी मंत्री एवं डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने शराबकांड के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
डिप्टी सीएम के बंगले की ओर बढ़े कार्यकर्ता, पुलिस ने रोका
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के बंगले के बाहर बेरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शन के बाद जब यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता बंगले की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें बंगले से पहले ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक रोक-टोक की स्थिति बनी रही। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बेरिकेडिंग की थी।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंकित दुबे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विफल होती जा रही है। उन्होंने बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का मांगा इस्तीफा
अंकित दुबे ने डिप्टी सीएम एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार कार्रवाई की बात कर रही है, लेकिन केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई करने से काम नहीं चलेगा। पूरे मामले के पीछे जो मुख्य लोग हैं, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
'सरकार को आम जनता की चिंता नहीं'
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार को आम जनता की चिंता नहीं है। यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यही जनता अपने वोट से नेताओं को विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनाती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद सत्ताधारी दल के नेता जनता की समस्याओं को भूल जाते हैं।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
कार्यकर्ताओं ने सागर शराबकांड को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े मुख्य लोगों तक जांच पहुंचाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ये भी पढ़ें- भोपाल में इंटर्न डॉक्टरों का हल्लाबोल: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन; एक घायल
प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारी

