भोपाल में इंटर्न डॉक्टरों का हल्लाबोल: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन; एक घायल
Published:
2 min read

पुलिस और इंटर्न डॉक्टर्स के बीच झड़प, एक छात्र घायल
भोपाल। हमीदिया अस्पताल के इंटर्न डॉक्टर्स स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन पर उतर आए। बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
पुलिस और इंटर्न डॉक्टरों के बीच झड़प
वाटर कैनन चलाए जाने के दौरान पुलिस और प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। इसी दौरान वाटर कैनन की चपेट में आने से एक छात्र घायल हो गया। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोती मस्जिद चौराहे पर रोका, ट्रैफिक जाम
पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों को फिलहाल मोती मस्जिद चौराहे पर रोक दिया है। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के सड़क पर मौजूद रहने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और जाम की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस ने रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया
इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच के दौरान पुलिस द्वारा रोके जाने और वाटर कैनन चलाए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर पुलिस बल तैनात है और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- मुरैना में बिजली पर बवाल!: सेमई चौराहे पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, NH-552 पर लेटकर किया चक्काजाम

