जबलपुर के सरकारी स्कूल में छात्राओं से झाड़ू-कचरा साफ कराने पर बवाल: अभिभावकों ने बनाया वीडियो; DEO ने प्राचार्य को थमाया नोटिस
Published:
2 min read

जबलपुर के सरकारी स्कूल में छात्राओं से झाड़ू-कचरा साफ कराने पर बवाल
जबलपुर। स्कूलों में बच्चों को शिक्षा देने और उनका भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है लेकिन जबलपुर के एक शासकीय कन्या स्कूल में छात्राओं से पढ़ाई के बजाय सफाई कराने का मामला सामने आया है। दीपावली की तैयारी के नाम पर छोटी छोटी छात्राओं से स्कूल परिसर का कचरा साफ कराया गया। इस पूरी गतिविधि का एक अभिभावक ने वीडियो बना लिया जिसके सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारबाग का बताया जा रहा है।
स्कूल लेने पहुंचे तब सामने आया मामला
अभिभावकों के मुताबिक वे अपनी बेटियों को लेने स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि स्कूल की छात्राओं से परिसर में फैला कचरा साफ कराया जा रहा है। उनका कहना है कि स्कूल में सफाई के लिए कर्मचारी नियुक्त होते हैं ऐसे में छात्राओं से यह काम कराना कहां तक उचित है अभिभावकों ने इस पर स्कूल प्रबंधन के सामने आपत्ति भी जताई।
बच्चियों को ले जाना है तो ले जाइए
अभिभावकों का आरोप है कि जब उन्होंने प्राचार्य के सामने छात्राओं से सफाई कराने पर विरोध जताया तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला बल्कि कथित तौर पर कह दिया गया कि अपने बच्चों को ले जाना है तो ले जाएं। इस जवाब के बाद विवाद की स्थिति बन गई अभिभावकों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया जो कि शिक्षा विभाग तक पहुंच गया।
सफाई कर्मचारियों का काम छात्राओं से क्यों
अभिभावकों का कहना है कि बच्चियों को स्कूल पढ़ने के लिए भेजा जाता है न कि उनसे कचरा साफ कराने के लिए यदि स्कूल में सफाई करानी थी तो इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारियों से काम कराया जाना चाहिए था।
डीईओ ने प्राचार्य को थमाया नोटिस
मामले को जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने गंभीरता से लेते हुए शाला प्राचार्य को नोटिस जारी किया है। उन्होंने बताया कि छात्राओं से सफाई कराए जाने की जानकारी सामने आई है। प्राचार्य से पूछा गया है कि किस परिस्थिति में और किस उद्देश्य से छात्राओं से यह गतिविधि कराई गई। जवाब मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - ग्वालियर में फल विक्रेता महिला से साइबर ठगी: फर्जी पेटीएम कर्मी ने मोबाइल चेक करने के बहाने खाते से उड़ाए 67 हजार, मामला दर्ज
गौतम बर्वे, जिला शिक्षा अधिकारी

