ग्वालियर में फल विक्रेता महिला से साइबर ठगी: फर्जी पेटीएम कर्मी ने मोबाइल चेक करने के बहाने खाते से उड़ाए 67 हजार, मामला दर्ज
Published:
2 min read

ग्वालियर में फल विक्रेता महिला से साइबर ठगी, फाइल फोटो, (AI)
ग्वालियर। ऑनलाइन भुगतान की सुविधा के बीच साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ग्वालियर में एक ठग ने पेटीएम की परेशानी दूर करने का झांसा देकर फल का ठेला लगाने वाली महिला के खाते से 67 हजार 674 रुपये पार कर दिए। आरोपी ने खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताया और मोबाइल चेक करने के बहाने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी। हैरानी की बात यह है कि महिला को ठगी का पता करीब एक महीने बाद चला। झांसी रोड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल का पासवर्ड पूछकर की ठगी
जानकारी के मुताबिक, सिंधिया नगर निवासी 30 वर्षीय लक्ष्मी आदिवासी अपने पति छोटू सिंह के साथ नाका चंद्रवदनी स्थित बड़े पुल के पास फल का ठेला लगाती हैं। 21 सितंबर की शाम करीब 6 बजे एक व्यक्ति उनके ठेले पर पहुंचा। उसने खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताते हुए पेटीएम चेक करने की बात कही। उसकी बातों में आकर दंपति ने अपना मोबाइल उसे दे दिया।
मोबाइल चेक करने के बहाने महिला से ठगी
आरोपी ने मोबाइल चेक करने के बहाने पासवर्ड और अन्य जरूरी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद वह मोबाइल लौटाकर वहां से चला गया। इसी बीच शाम 6:30 से 7:30 बजे के बीच आरोपी ने छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए महिला के खाते से कुल 67 हजार 674 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए।
15 अक्टूबर को खुला ठगी का राज
महिला को 15 अक्टूबर को मोबाइल चेक करने के दौरान खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर 21 अक्टूबर को ई-जीरो एफआईआर दर्ज की गई। बाद में झांसी रोड थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस आरोपी की पहचान में जुटी
पुलिस अब आरोपी की पहचान करने और रकम जिन खातों में ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटाने में लगी है। इस घटना ने एक बार फिर डिजिटल भुगतान के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है।
ये भी पढ़ें -

