जबलपुर में कार से कुचलकर युवक-युवती की मौत: घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका; मामले की जांच में जुटी पुलिस
Published:
2 min read

बेलखेड़ा में कार से कुचलकर युवक-युवती की मौत, पुलिस ने मौके से कार बरामद कर ली।
जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक और युवती की कार से कुचलकर मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक दोनों सड़क किनारे खड़े थे तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक-युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि कार युवक के मौसेरे भाई ने चढ़ाई थी।
सड़क किनारे खड़े युवक-युवती को कार ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार प्रशांत लोधी निवासी शहपुरा उड़ना पाटन अपने दोस्त हेमराज लोधी के साथ बेलखेड़ा आया था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 बजे वे सड़क पर एक परिचित युवती जागृति के साथ खड़े थे। इसी दौरान कथित तौर पर तेज रफ्तार आई-20 कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रशांत और जागृति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से i20 कार बरामद की। बताया जा रहा है कि कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी।
पुरानी रंजिश के एंगल से जांच
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। कार प्रशांत के मौसेरे भाई द्वारा चलाए जाने का आरोप है हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार वाहन के दस्तावेजों के सत्यापन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अनु बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

