छठ पूजा से पहले भोपाल में घाटों की तैयारी तेज: महापौर मालती राय ने किया निरीक्षण, पुराने कुंड की मरम्मत और नए कुंड का काम जल्द पूरा करने के निर्देश
Published:
2 min read

छठ पूजा से पहले भोपाल में घाटों का महापौर ने किया निरीक्षण।
भोपाल। छठ पूजा को लेकर भोपाल में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम पूजा स्थलों को व्यवस्थित करने में जुटा है। इसी क्रम में महापौर मालती राय ने गुरुवार को बरखेड़ा पठानी स्थित सरस्वती मंदिर परिसर के ई-सेक्टर में बने छठ पूजा कुंडों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुराने कुंड की मरम्मत और नए कुंड के निर्माण कार्य की प्रगति देखी। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बचे हुए काम तय समय-सीमा में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
कुंड के चारों ओर होगा आरसीसी निर्माण
निरीक्षण के दौरान महापौर ने छठ पूजा कुंड के चारों ओर आरसीसी कार्य कराने के निर्देश दिए। इससे श्रद्धालुओं को पूजा और सूर्य को अर्घ्य देने में सुविधा होगी। उन्होंने परिसर में बने कुएं की मुंडेर की मरम्मत कराने और रंगाई-पुताई करने को भी कहा। इसके अलावा पुराने कुंड की साफ-सफाई और पुताई कराने के निर्देश दिए, ताकि पूजा से पहले पूरा परिसर व्यवस्थित नजर आए।

परिसर की सफाई और समतलीकरण कराने के निर्देश
महापौर मालती राय ने अधिकारियों से पूरे परिसर की बेहतर साफ-सफाई कराने को कहा। जहां जरूरत हो, वहां जमीन का समतलीकरण भी कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने और बैठने में परेशानी न हो। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।
निरीक्षण के दौरान ये लोग रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जोन अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय पार्षद नीरज सिंह, कार्यपालन यंत्री एस.के. राजेश, छठ पूजा आयोजन समिति के पदाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- मुरैना में इनामी डकैत कल्ली गुर्जर का शॉर्ट एनकाउंटर: पुलिस से मुठभेड़ में लगी गोली; अस्पताल में गिन रहा सांसे...

