जबलपुर में देर रात बर्तन व्यापारी पर बदमाशों का हमला: चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, बचाने आया कर्मचारी भी घायल; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
Published:
3 min read

जबलपुर में बर्तन व्यापारी पर चाकू से हमला,आधारताल थाना प्रभारी में शिकायत दर्ज ( फाइल फोटो)।
जबलपुर। त्यौहारों के सीजन में जबलपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। आधारताल इलाके में देर रात दुकान बंद कर कर्मचारी के साथ घर लौट रहे बर्तन व्यापारी पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। तीन बाइकों पर सवार होकर आए 5 से 6 युवकों ने पहले उनका रास्ता रोका और फिर व्यापारी पर चाकू से कई वार किए। उन्हें बचाने पहुंचे कर्मचारी को भी बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
तीन बाइक से आए बदमाशों ने रोका रास्ता
जानकारी के मुताबिक, आधारताल निवासी बर्तन व्यापारी आहत विशेष की जयप्रकाश नगर में दुकान है। धनतेरस और दीपावली के कारण इन दिनों दुकान देर रात तक खुल रही थी। रात करीब साढ़े तीन बजे वे दुकान बंद करके कर्मचारी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार 5 से 6 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। व्यापारी ने युवकों से वहां रुकने की वजह पूछी तो उनके बीच विवाद शुरू हो गया।
व्यापारी पर चाकू से किए कई वार
विवाद के दौरान एक बदमाश दौड़कर व्यापारी के पास पहुंचा और उन पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए। व्यापारी पर हमला होते देख कर्मचारी उन्हें बचाने पहुंचा, लेकिन बदमाशों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले।
पीठ, गर्दन और हाथ में आई चोटें
हमले में व्यापारी की पीठ, गर्दन और हाथ में चाकू के घाव आए हैं। घायल होने के बावजूद उन्होंने बदमाशों का मुकाबला करने की कोशिश की। वारदात के बाद कर्मचारी ने डायल 108 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कर्मचारी भी हमले में घायल हुआ है।
CCTV फुटेज से हमले की वजह स्पष्ट नहीं
त्यौहारों के दौरान हुई इस वारदात से इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी है। आधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के मुताबिक, पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती जांच में व्यापारी और युवकों के बीच हुई बहस को हमले की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
ये भी पढ़ें- जबलपुर में कार से कुचलकर युवक-युवती की मौत: घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका; मामले की जांच में जुटी पुलिस...

