इंदौर में 'अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0' का शुभारंभ: आधुनिक शहरों के निर्माण पर होगा मंथन, निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे सीएम मोहन यादव
Published:
2 min read

इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में सीएम डॉ. मोहन यादव ने 'अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0' का शुभारंभ किया।
इंदौर। शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में 'अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0' का आयोजन किया जा रहा है। इसी के चलते बुधवार को सीएम डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट ने इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मप्र शासन के मंत्रियों और उद्योगपतियों के साथ 'अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0' का दीप प्रज्वलित के शुभारम्भ किया। कॉन्क्लेव में प्रदेश के शहरों की तस्वीर बदलने, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और निवेश की नई संभावनाओं को लेकर अहम चर्चा होगी।
निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे मुख्यमंत्री
कॉन्क्लेव में प्रशासनिक अधिकारी, निवेशक और शहरी विकास विशेषज्ञ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शहरी परियोजनाओं में निवेश को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। इसके साथ ही शहरों के सुनियोजित विकास, मास्टर प्लान, आधुनिक परिवहन व्यवस्था और छोटे शहरों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की रणनीति पर मंथन होगा।
डिजिटल गवर्नेंस से ग्रीन एनर्जी तक फोकस
कार्यक्रम में डिजिटल गवर्नेंस, GIS तकनीक और जल सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। ग्रीन बॉन्ड, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP), सौर ऊर्जा और कचरे से ऊर्जा बनाने की योजनाओं पर भी विशेषज्ञ अपनी राय रखेंगे।
आवास और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर नजर
कॉन्क्लेव में आवास, शहरी पुनर्विकास और विकास गलियारों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होगी। अब नजर इस बात पर रहेगी कि कॉन्क्लेव से निकलने वाले सुझाव और निवेश प्रस्ताव प्रदेश के शहरों के विकास को कितनी नई दिशा देते हैं।

