इंदौर के विकास कार्यों में देरी पर भड़के महापौर पुष्यमित्र भार्गव: अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले- कागजी खेल से हो रही सरकार की छवि खराब; निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही
Published:
2 min read

इंदौर में सुदामा नगर के औचक निरीक्षण के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने लापरवाही पर अफसरों को फटकारा, लंबित फाइलों और देरी पर जांच के निर्देश।
इंदौर। शहर में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और फाइलों में उलझी सरकारी योजनाओं को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव का अधिकारियों पर गुस्सा फूट पड़ा। सुदामा नगर में औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने कामकाज में लापरवाही और अनावश्यक देरी पर अफसरों को जमकर फटकार लगाई। महापौर ने दो टूक कहा कि अधिकारियों के कागजी खेल से सरकार की छवि खराब हो रही है।
टेंडर हो गया, वर्कऑर्डर अब तक क्यों अटका?
निरीक्षण के दौरान बाउंड्रीवॉल निर्माण का मामला सामने आया, जहां टेंडर होने के बावजूद वर्कऑर्डर जारी नहीं हुआ था। इस पर महापौर ने सवाल उठाया कि जब काम होना ही नहीं था, तो प्रस्ताव कैसे तैयार हुआ और टेंडर किस आधार पर जारी किया गया? उन्होंने मौके पर ही संबंधित फाइल तलब कर देरी की वजह स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
ड्रेनेज कार्य में लापरवाही पर भी नाराजगी
ड्रेनेज लाइन के काम में ठेकेदार की लापरवाही की शिकायत पर भी महापौर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को लंबित फाइलों की सूची तैयार करने और प्रत्येक मामले की जांच कर रिपोर्ट नगर निगम आयुक्त के समक्ष रखने के निर्देश दिए।
दोषियों पर कार्रवाई, एमआईसी में पेश होगी रिपोर्ट
महापौर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी और जांच रिपोर्ट महापौर परिषद एमआईसीके समक्ष पेश की जाएगी।

