इंदौर के रिहायशी इलाके में अवैध पटाखा गोदाम का खुलासा: 2.62 लाख कीमत के 197 कार्टून जब्त; सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
Published:
2 min read

अवैध पटाखा गोदाम से पुलिस ने करीब 2 लाख 62 हजार रुपये कीमत के 197 कार्टून पटाखे जब्त किए।
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बीच इंदौर पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की आनंद विहार कॉलोनी में बिना वैध लाइसेंस रहवासी इलाके में संचालित पटाखों के गोदाम का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से करीब 2 लाख 62 हजार रुपये कीमत के 197 कार्टून पटाखे जब्त किए हैं।
गेट नंबर-2 के पास बनाया था गोदाम
पुलिस के मुताबिक, आनंद विहार कॉलोनी के गेट नंबर-2 के पास स्थित गोदाम में अलग-अलग कंपनियों के पटाखे रखे गए थे। जांच के दौरान पटाखों के भंडारण के लिए वैध लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पटाखों का पूरा स्टॉक जब्त कर लिया।
लोडिंग वाहनों से सप्लाई की भी जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम से लोडिंग वाहनों के जरिए पटाखों की सप्लाई किए जाने की सूचना भी मिली है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और उनकी सप्लाई किन स्थानों पर की जा रही थी।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी रवि के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 और 223 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी(1) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- रीवा में बेटा ही निकला 1 करोड़ के जेवर चोरी का आरोपी: दोस्त सहित दोनों गिरफ्तार, पुलिस ने 2.5 किलो चांदी की जब्त

