इंदौर में 6 लाख की डकैती का खुलासा: चौकीदार ही निकला मास्टरमाइंड, CCTV से खुला राज; 3 नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार
Published:
2 min read

पुलिस ने घटना के CCTV की ममद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
इंदौर। दूधिया के नीलगिरि परिसर में हुई करीब 6 लाख रुपए की डकैती का खुड़ैल थाना पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि परिसर की सुरक्षा में तैनात चौकीदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर साजिश रचकर अंजाम दी थी। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 नाबालिग बताए जा रहे हैं।
घर में सो रहे व्यक्ति को बाथरूम में किया बंद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घर में सो रहे व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसे बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद घर में रखी करीब 6 लाख रुपए की रकम लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद आरोपियों ने परिसर में लगे CCTV कैमरों को तोड़ने का प्रयास भी किया। हालांकि, घटना के दौरान रिकॉर्ड हुआ फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।
CCTV फुटेज से खुला वारदात का राज
घटना की सूचना मिलते ही खुड़ैल थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने CCTV फुटेज के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान हुई और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाला चौकीदार ही कथित तौर पर डकैती की साजिश का मुख्य आरोपी था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।
5 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन नाबालिग बताए जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से डकैती में गया माल भी बरामद किए जाने की जानकारी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात की साजिश कब और कैसे रची गई थी। साथ ही अन्य संभावित लोगों और वारदात से जुड़ी कड़ियों की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- छिंदवाड़ा में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक ही रात में 3 थाना क्षेत्रों से 5 आरोपी गिरफ्तार

