छिंदवाड़ा में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक ही रात में 3 थाना क्षेत्रों से 5 आरोपी गिरफ्तार, 10 किलो से अधिक गांजा जब्त
Published:
2 min read

नशे के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने 1 लाख 77 हजार रुपए का 10 किलो गांजा जब्त किया है।
छिंदवाड़ा। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक ही रात में तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 10 किलो 46 ग्राम गांजा जब्त किया। कोतवाली, कुंडीपुरा और देहात थाना पुलिस की कार्रवाई में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 77 हजार 500 रुपए बताई गई है।
कोतवाली पुलिस ने 5 किलो गांजा पकड़ा
मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात कोतवाली थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 किलो गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रथम पंजवानी (23), निवासी मोहन नगर और जौरिफ उर्फ आरिफ खान (20), निवासी आजाद चौक, छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
कुंडीपुरा में 3 किलो 42 ग्राम गांजा बरामद
कुंडीपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गांजे के साथ पकड़ा। उनके कब्जे से 3 किलो 42 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार 500 रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयूब खान (36) और अकबर खान (48), दोनों निवासी इंदिरा नगर, के रूप में हुई है।
देहात थाना पुलिस ने भी की कार्रवाई
देहात थाना पुलिस ने अभय उर्फ अंकित आतंक वर्मा (21), निवासी नई आबादी मोहन नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 किलो 4 ग्राम गांजा जब्त किया। तीनों थाना क्षेत्रों की कार्रवाई में कुल 10 किलो 46 ग्राम गांजा बरामद हुआ है।
गांजा सप्लाई की जांच जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में कोतवाली टीआई आशीष धुर्वे, कुंडीपुरा टीआई महेंद्र भगत, एसआई नारायण सिंह बघेल, धर्मटेकड़ी चौकी प्रभारी दिनेश बघेल सहित पुलिसकर्मियों और साइबर सेल के आदित्य रघुवंशी एवं नितिन की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- वोट चोर-गद्दी छोड़ के नारों से गूंजा खंडवा: SIR के विरोध में कांग्रेस का भैंस के आगे बीन बजाकर प्रदर्शन

