केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने MP से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन भरा: CM डॉ. मोहन यादव बोले- दिवाली से पहले प्रदेश को मिला बड़ा उपहार
Published:
3 min read

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने MP से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन भरा
भोपाल। केंद्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश से बीजेपी के राज्यसभा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी ने आज विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री उनके साथ मौजूद रहे। मंत्री कृष्णा गौर हरदीप सिंह पुरी की प्रस्तावक बनीं।
नामांकन दाखिल करने सीएम मोहन यादव के साथ पहुंचे
नामांकन दाखिल करने से पहले हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इसके बाद वे मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के संस्थापक विचारकों पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद बीजेपी नेताओं के साथ वे विधानसभा पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किया।
CM मोहन यादव बोले- मध्यप्रदेश के लिए दिवाली से पहले बड़ा उपहार
हरदीप सिंह पुरी के नामांकन दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विधानसभा परिसर में मीडिया से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि हरदीप सिंह पुरी ने प्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया है। दिवाली से पहले मध्यप्रदेश सरकार को यह बड़ा उपहार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदीप सिंह पुरी का लंबा संसदीय जीवन रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश को रिफाइनरी और स्मार्ट सिटी जैसी कई सौगातें दी हैं। पुरी के नेतृत्व में देश में स्वच्छता सर्वेक्षण की शुरुआत हुई और इस सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश के शहरों ने देशभर में अपनी पहचान बनाई। सीएम ने हरदीप सिंह पुरी को बधाई देते हुए कहा कि जब वे निर्वाचित होंगे, तब उनके नेतृत्व और अनुभव का लाभ देश के साथ मध्यप्रदेश को भी मिलेगा।
हेमंत खंडेलवाल ने किया स्वागत
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राज्यसभा निर्वाचन के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपना नामांकन दाखिल किया है। मध्यप्रदेश बीजेपी की ओर से उनका स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि हरदीप सिंह पुरी ने केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करते हुए मध्यप्रदेश को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। उनके अनुभव और योगदान से प्रदेश को लाभ मिला है नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी रही।
डॉ मोहन यादव, मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश

