ग्वालियर में ट्रैवल्स एजेंसी के ऑफिस पर तोड़फोड़ का खुलासा : पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर निकाला जुलूस, बस रूट विवाद की रंजिश के चलते की थी वारदात
Published:
3 min read

ट्रैवल्स ऑफिस में पथराव-तोड़फोड़ केस में तीन बदमाश गिरफ्तार।
ग्वालियर। चेतकपुरी स्थित विजय गजराज ट्रैवल्स बस सर्विस के कार्यालय में तीन दिन पहले हुए पथराव और तोड़फोड़ के मामले में झांसी रोड थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की करतूत कार्यालय और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर जांच शुरू की और एक के बाद एक तीन आरोपियों तक पहुंच गई। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ट्रैवल्स संचालक के कहने पर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब इस मामले में ट्रैवल्स संचालक की भूमिका और कारोबारी विवाद की वजह की जांच कर रही है।
कार से पहुंचे थे तीन बदमाश, ऑफिस पर किया पथराव
घटना 22 सितंबर की रात चेतकपुरी स्थित विजय गजराज ट्रैवल्स बस सर्विस के कार्यालय में हुई थी। पुलिस के मुताबिक कार सवार तीन युवकों ने ऑफिस पर पथराव किया और केबिन के कांच तोड़ दिए। हमले में कार्यालय में रखा लैपटॉप और एक कर्मचारी का मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया। चौरसिया कॉलोनी, गुढ़ा निवासी रामपाल चौरसिया ने पुलिस को शिकायत में बताया कि चेतकपुरी में उनका ट्रैवल्स ऑफिस है। घटना के बाद कर्मचारी रोहित कुशवाह ने उन्हें वारदात की जानकारी दी थी।
CCTV से मिला सुराग, कार के नंबर से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद झांसी रोड थाना पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सफेद रंग की कार से आए तीन युवक कार्यालय में तोड़फोड़ और पथराव करते दिखाई दिए। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक गुढ़ा-गुढ़ी निवासी कार्तिक तिवारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में कार्तिक ने पुलिस को बताया कि उसकी कार साहिब खान उर्फ मोनू लेकर गया था। इसके बाद पुलिस ने मोनू को पकड़ा और उससे पूछताछ की।
मोनू से पूछताछ में सामने आए दो और नाम
पुलिस के अनुसार साहिब खान उर्फ मोनू ने पूछताछ में वारदात में शामिल अन्य युवकों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने वक्की राव उज्जैनकर निवासी कम्पू और शारिक उर्फ चिंटू पुत्र शकील खान निवासी अवाडपुरा, कम्पू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को पकड़ने के बाद घटनास्थल पर उनकी पैदल परेड भी कराई गई।
बस रूट को लेकर दो ट्रैवल्स संचालकों में विवाद
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि इस वारदात के पीछे दो ट्रैवल्स संचालकों के बीच चल रहा कारोबारी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार साहिब खान उर्फ मोनू की ट्रैवल्स संचालक जय गुप्ता से दोस्ती है। आरोप है कि जय गुप्ता और रामपाल चौरसिया के बीच बस रूट को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि इसी कथित कारोबारी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों को वारदात के लिए उकसाया गया था।
ट्रैवल्स संचालक की भूमिका की जांच में जुटी पुलिस
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस ट्रैवल्स संचालक की भूमिका, दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद और वारदात के पीछे की पूरी वजह की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- नीमच पुलिस ने नशे कारोबार पर कसा शिकंजा: नाकाबंदी कर 5 आरोपियों को दबोचा, MD ड्रग्स और डोडाचूरा बरामद
रवि भदौरिया, CSP ग्वालियर

