नीमच पुलिस ने नशे कारोबार पर कसा शिकंजा: नाकाबंदी कर 5 आरोपियों को दबोचा, MD ड्रग्स और डोडाचूरा बरामद; नेटवर्क की जांच जारी
Published:
3 min read

पूछताछ में अफजल का नाम सामने आया
नीमच। नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच बघाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो बाइक पर सवार पांच लोगों को पकड़ा। तलाशी में उनके कब्जे से 642 ग्राम MD ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 12 लाख 99 हजार रुपए है।
नाकाबंदी में पुलिस ने घेरा
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक रामकिशन सिंघावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बघाना-छोटी सादड़ी रोड से मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना के बाद बघाना पुलिस ने ग्राम अरनिया फंटा के आमरोड पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद धनेरियाकलां की ओर से काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर चार लोग आते दिखाई दिए। पुलिस के मुताबिक उनके पास प्लास्टिक का कट्टा था और उन्होंने इसे दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति को देने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया।
पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपियों की पहचान इस्माईल पिता अब्दुल रहमान (25), पवन पिता अमित चौहान (20), कुशाल पिता गोविंद धनकानी (20), क्रिश पिता शंकरलाल टिग्गा (20) और नाजिम हुसैन पिता राजिक हुसैन (23) के रूप में की है। सभी आरोपी बघाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
MD और डोडाचूरा समेत बाइक-मोबाइल जब्त
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 642 ग्राम MD ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया। इसके अलावा मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो बाइक और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री में 642 ग्राम MD ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा पुलिस के अनुसार कीमत करीब 12.99 लाख रुपए, हीरो स्प्लेंडर बाइक RJ06BM6273 करीब 50 हजार रुपए, HF डिलक्स बाइक MP14ML2392 करीब 50 हजार रुपए, 5 मोबाइल फोन करीब 1.50 लाख रुपए के शामिल हैं।
पूछताछ में अफजल का नाम सामने आया
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थ अफजल मुसलमान निवासी मंदसौर, हाल मुकाम नाका नंबर-4 बघाना से मिलने की बात बताई। पुलिस ने अफजल को मामले में सहआरोपी बनाया है। बघाना थाने में अपराध क्रमांक 318/2026 दर्ज कर NDPS एक्ट की धारा 8, 22, 15 और 29 के तहत जांच शुरू की गई है। पुलिस मामले में मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
कार्रवाई में थाना प्रभारी बघाना निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान, उपनिरीक्षक रामकिशन सिंघावत, प्रधान आरक्षक मनोज ओझा, आरक्षक वीरेंद्र सिंह, कारूलाल गुर्जर, प्रकाश बिष्ट और साइबर सेल नीमच की टीम की भूमिका रही। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।

