ग्वालियर में बारिश से शंकरपुर बस्ती जलमग्न: घरों में घुसा 3 फीट पानी; विधायक ने घुटनों तक पानी में बैठकर किया जल सत्याग्रह
Published:
3 min read

घुटने तक भरे पानी में जल सत्याग्रह पर बैठे कांग्रेस विधायक
ग्वालियर। पिछले 48 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने शहर की कई बस्तियों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर की एक दर्जन से ज्यादा निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इनमें वार्ड 64 की शंकरपुर बस्ती के हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं।
शंकरपुर बस्ती में घुटनों तक भरा पानी
ट्रांसपोर्ट नगर के पास स्थित शंकरपुर बस्ती में घुटनों तक पानी भर गया है, जबकि कई घरों के अंदर 2 से 3 फीट तक पानी घुस गया। पानी भरने से अनाज, कपड़े, बिस्तर और घर का सामान भीगकर खराब हो गया। हालात इतने खराब हैं कि लोगों के घरों में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है। कई परिवार घरों में ताला लगाकर पड़ोसियों और रिश्तेदारों के यहां शरण लेने को मजबूर हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लंबे समय से नगर निगम से नाला निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हर साल शंकरपुर बस्ती में यही स्थिति बनती है। लोग लंबे समय से नगर निगम से नाला निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। नाला नहीं बनने के कारण बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पाती और पूरी बस्ती जलमग्न हो जाती है।
घुटने तक भरे पानी में जल सत्याग्रह पर बैठे कांग्रेस विधायक
लोगों की शिकायत के बाद कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर शुक्रवार को मौके पर पहुंचे। बस्ती के हालात देखकर विधायक घुटने तक भरे पानी में ही जल सत्याग्रह पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक बस्ती से पानी नहीं निकाला जाता, वे मौके से नहीं हटेंगे।
विधायक के जल सत्याग्रह के बाद जागी नगर निगम
विधायक के जल सत्याग्रह की सूचना मिलते ही नगर निगम में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में निगम की टीम पंप और जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और पानी निकासी का काम शुरू किया। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्र से बारिश का पानी आने के कारण बस्ती में जलभराव हुआ है। अधिकारियों ने दावा किया कि 24 घंटे के भीतर पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, बारिश दोबारा होने पर यहां फिर जलभराव की स्थिति बन सकती है।
बारिश खत्म होते ही नाले का निर्माण होगा
वहीं, विधायक साहब सिंह गुर्जर ने बताया कि उनकी नगर निगम कमिश्नर से बातचीत हुई है। कमिश्नर ने आश्वासन दिया है कि बारिश का सीजन खत्म होते ही शंकरपुर बस्ती में नाला निर्माण का काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा। इससे उम्मीद है कि आने वाले समय में लोगों को हर बारिश में घर छोड़कर दूसरी जगह शरण लेने की मजबूरी से राहत मिल सकेगी।
ये भी पढ़ें - ग्वालियर में विवेक मीणा हत्याकांड पर बवाल
कमल वर्मा , रिपोर्टर ग्वालियर

