ग्वालियर में पेट्रोल भरवाते समय स्कूटर में लगी आग: युवक झुलसा, टैंक तक पहुंची लपटें, मची अफरा-तफरी; पप कर्मचारियों की सूझबूझ से टला हादसा
Published:
3 min read

ग्वालियर के पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा टला।
ग्वालियर। शहर के इंदरगंज थाना क्षेत्र के शिंदे की छावनी स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल भरवाते समय अचानक एक स्कूटर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने स्कूटर चालक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक बुरी तरह झुलस गया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें पेट्रोल के मुख्य टैंक तक पहुंच गईं। हालांकि, समय रहते पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी उपकरणों और पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पेट्रोल डालते ही स्कूटर ने पकड़ी आग
जानकारी के मुताबिक रफीक खान नामक युवक बुधवार को शिंदे की छावनी स्थित पेट्रोल पंप पर अपनी स्कूटर में पेट्रोल भरवाने पहुंचा था। कर्मचारी जैसे ही स्कूटर में पेट्रोल डालने लगा, तभी अचानक स्कूटर के इंजन की तरफ से चिंगारी निकली और उसमें आग लग गई। कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया। रफीक आग की लपटों से घिर गया और गंभीर रूप से झुलस गया। अचानक हुई घटना से पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
पेट्रोल के मुख्य टैंक तक पहुंच गईं लपटें
आग सिर्फ स्कूटर और चालक तक सीमित नहीं रही। लपटें फैलते हुए पेट्रोल पंप के पास बने मुख्य टैंक तक पहुंच गईं। इससे मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों की चिंता बढ़ गई। यदि आग टैंक के अंदर तक पहुंच जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। गनीमत रही कि कर्मचारियों ने समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिया और आग पेट्रोल टैंक के अंदर तक नहीं पहुंच सकी।
कर्मचारियों ने सूझबूझ से बुझाई आग
हादसा होते ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सिलेंडर का इस्तेमाल किया और पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण आग को पेट्रोल पंप के दूसरे हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
झुलसे युवक का निजी अस्पताल में इलाज
आग की चपेट में आने से रफीक खान झुलस गया। आग बुझने के बाद उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पेट्रोल पंप पर हुए हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं। वायरल वीडियो में युवक आग की लपटों से घिरा दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग पानी डालकर आग बुझाते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इंदरगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण स्कूटर में आग लगने की आशंका सामने आई है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हर्ष अग्रवाल, पेट्रोल पंप मालिक का भाई

