ग्वालियर में हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने वालों पर शिकंजा: 'ऑपरेशन ईगल' के तहत 12 बदमाश गिरफ्तार, 12 अवैध पिस्टल और कट्टे बरामद
Published:
3 min read

पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले आसामाजिक तत्वो के खिलाफ चलाया ऑपरेशन ईगल।
ग्वालियर। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो-वीडियो और रील बनाकर दबंगई दिखाने वालों के खिलाफ ग्वालियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन ईगल के तहत पुलिस ने जिले में एक साथ कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12 अवैध हथियार, 18 जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ दिखाते थे दबंगई
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर इंस्टाग्राम पर अवैध हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड कर अपनी दबंग छवि दिखाते थे। कुछ वीडियो में हवाई फायरिंग और हथियारों का प्रदर्शन किए जाने की भी जानकारी पुलिस को मिली थी। इस तरह की गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं।
सोशल मीडिया पर नजर रखकर बदमाशों को किया चिन्हित
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी बढ़ाई। रील्स, फोटो और वीडियो के आधार पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले संदिग्धों को चिन्हित किया गया। इसके बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू की।
24 घंटे में कई थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई
पुलिस ने करीब 24 घंटे के भीतर महाराजपुरा, मुरार, पनिहार, उटीला, डबरा देहात, पुरानी छावनी, गोला का मंदिर, झांसी रोड, सिरोल, हजीरा थाना क्षेत्रों के साथ क्राइम ब्रांच की टीमों ने कार्रवाई की। संयुक्त अभियान में पुलिस ने अजय सिंह, करण जाटव, अंकित परिहार, मोनू गुर्जर, देव ओझा, गुलशन पवार, अमन होलकर, अमन शर्मा, नकुल परिहार, करन बाथम, सचिन पवैया और राहुल खटीक को गिरफ्तार किया।
315 बोर के 11 कट्टे और 32 बोर की पिस्टल बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 315 बोर के 11 देसी कट्टे और एक 32 बोर की पिस्टल बरामद की गई है। इसके अलावा 18 जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने हथियार कहां से हासिल किए और इनके पीछे किसी हथियार सप्लायर या गिरोह की भूमिका है या नहीं।
सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने वालों की लंबी सूची तैयार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले लोगों की पहचान के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। ऑपरेशन ईगल के तहत ऐसे लोगों की एक सूची तैयार की गई है। इसी अभियान के तहत पहली बड़ी कार्रवाई में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
लाइसेंसी हथियारों के प्रदर्शन पर भी सख्ती
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो, फोटो या फायरिंग का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा लाइसेंसी हथियार किसी दूसरे व्यक्ति को देकर उसका सोशल मीडिया पर प्रदर्शन कराने या हथियार का गलत इस्तेमाल करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन महज दिखावा नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी, ताकि सोशल मीडिया के जरिए दहशत और दबंगई का माहौल बनाने पर रोक लगाई जा सके।
ये भी पढ़ें- ग्वालियर में पैसों के विवाद में फायरिंग: नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जुलूस निकाला

