ग्वालियर में पैसों के विवाद में फायरिंग: नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जुलूस निकाला; घटनास्थल पर कराया सीन रीक्रिएशन
Published:
2 min read

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जुलूस निकाल और सीन रिक्रीएशन किया।
ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर फायरिंग करने वाले नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए हैं, जबकि मुख्य आरोपी अर्जुन परिहार अभी फरार है।
पैसों के विवाद में चली गोली
घटना शनिवार रात करीब 8 बजे कांच मिल स्थित बड़ा गेट के पास शीतला माता मंदिर के नजदीक हुई। रेलवे कर्मचारी किशन सिकरवार के पड़ोस में उनके रिश्तेदार अर्जुन परिहार रहते हैं। आरोप है कि अर्जुन पिछले कुछ समय से किशन के भाई पर पैसे देने का दबाव बना रहा था। शनिवार रात अर्जुन अपने साथी राहुल, सचिन और एक नाबालिग के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने किशन के भाई से रुपयों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अर्जुन ने कमर से कट्टा निकालकर फायर कर दिया।
गोली निशाने से चूकी, बाल-बाल बचा युवक
फायरिंग में गोली निशाने से चूक गई और किशन सिकरवार बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देखकर चारों आरोपी वहां से भाग निकले।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। किशन सिकरवार की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन परिहार सहित उसके तीन साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उनकी तलाश शुरू कर दी।
नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने रविवार रात कार्रवाई करते हुए राहुल, सचिन और नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल और एक कट्टा बरामद कर जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल पर कराया सीन रीक्रिएशन
गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों आरोपियों को जुलूस के रूप में घटनास्थल पर लेकर पहुंची। यहां पुलिस ने आरोपियों से पूरी घटना का सीन रीक्रिएट कराया, ताकि फायरिंग की वारदात से जुड़े घटनाक्रम को समझा जा सके।
मुख्य आरोपी अर्जुन परिहार फरार
फायरिंग का मुख्य आरोपी अर्जुन परिहार अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढेे़ं- ग्वालियर में बारिश से शंकरपुर बस्ती जलमग्न....
मनीष यादव, CSP ग्वालियर

