ग्वालियर में SSB जवान बना पत्नी का कातिल: चरित्र शंका में गला घोंटकर ली जान, वारदात को हार्ट अटैक बनाने की साजिश; 12 वर्षीय बेटी ने खोला राज
Published:
4 min read

चरित्र पर शक बना पत्नी की हत्या की वजह!
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खुरैरी इलाके में चरित्र पर शक के चलते सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान दंपती की 12 वर्षीय बेटी ने अपनी आंखों से मां की हत्या होते देख ली थी। आरोपी पिता ने बेटी को भी जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। इसके बाद पत्नी की मौत को हार्ट अटैक बताकर शव को अपने पैतृक गांव छौंदा ले गया। हालांकि, परिजनों को शक हुआ और उन्होंने जब मासूम बेटी से पूछताछ की तो पूरी वारदात का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी पति ज्ञान सिंह जाटव के खिलाफ हत्या और धमकी देने का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हार्ट अटैक बताकर परिजनों को दी मौत की सूचना
जानकारी के मुताबिक, भिंड जिले के बीरमपुरा थाना क्षेत्र निवासी सचिन खन्ना ने मुरार थाने पहुंचकर अपनी बहन रिंकी जाटव (34) की हत्या की शिकायत दर्ज कराई है। रिंकी की शादी वर्ष 2010 में ज्ञान सिंह जाटव से हुई थी। ज्ञान सिंह सशस्त्र सीमा बल में पदस्थ है और जम्मू-कश्मीर में तैनात है। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें 14 वर्षीय बेटा दीपक और 12 वर्षीय बेटी प्रियांशी शामिल हैं। रिंकी अपने बच्चों के साथ ग्वालियर के खुरैरी इलाके में रह रही थी।
शिकायत के अनुसार, ज्ञान सिंह 27 अक्टूबर को छुट्टी लेकर करवाचौथ के अवसर पर घर आया था। इसी दौरान 2 नवंबर की सुबह उसने रिंकी के भाई सचिन को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी को हार्ट अटैक आया था, जिससे उसकी मौत हो गई है। वह शव लेकर अपने पैतृक गांव छौंदा पहुंच चुका है।
बेटी ने बताई मां की हत्या की खौफनाक कहानी
बहन की मौत की सूचना मिलने पर सचिन और परिवार के अन्य सदस्य छौंदा गांव पहुंचे। वहां रिंकी के गले और शरीर पर निशान देखकर परिजनों को उसकी मौत पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने 12 वर्षीय बेटी प्रियांशी को अलग ले जाकर पूछताछ की। शुरुआत में डरी-सहमी बच्ची ने जो कुछ बताया, उससे पूरे परिवार के सामने हत्या की सच्चाई आ गई।
प्रियांशी के मुताबिक, 1 नवंबर की रात करीब 9 बजे माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बहस बढ़ने पर पिता ज्ञान सिंह ने मां का गला पकड़ लिया। यह देखकर वह मदद मांगने के लिए पड़ोसियों के घर पहुंची, लेकिन दरवाजे बंद होने के कारण उसे मदद नहीं मिल सकी।
जब वह वापस घर लौटी तो मां जमीन पर पड़ी थीं और पिता उनकी छाती पर बैठकर गला दबा रहे थे। इसके बाद आरोपी ने मां के गले पर पैर रखकर भी दबाव बनाया। इस दौरान रिंकी की मौके पर ही मौत हो गई।
बेटी को भी दी जान से मारने की धमकी
बेटी ने परिजनों को बताया कि मां की हत्या करने के बाद पिता ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को भी इस घटना के बारे में बताया तो वह उसे भी जान से मार देगा। डर के कारण बच्ची ने किसी को कुछ नहीं बताया।
इसके बाद आरोपी पत्नी का शव और दोनों बच्चों को कार में बैठाकर रात में ही अपने पैतृक गांव छौंदा पहुंच गया। वहां उसने पत्नी की मौत हार्ट अटैक से होने की बात कही, लेकिन परिजनों को उसके बयान पर भरोसा नहीं हुआ।
पत्नी के चरित्र पर था शक, पूछताछ में कबूला जुर्म
परिजनों ने जब ज्ञान सिंह से रिंकी की मौत को लेकर सवाल किए तो उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि रिंकी फोन पर किसी से बातचीत करती थी। इसी वजह से उसे पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
आरोपी ने परिजनों को पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी भी दी। इसके बाद परिजन रिंकी का शव लेकर ग्वालियर के मुरार थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जयारोग्य अस्पताल भेजा। परिजनों की शिकायत और बयानों के आधार पर आरोपी पति ज्ञान सिंह जाटव के खिलाफ हत्या और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राहुल सिंह- SI मुरार थाना ग्वालियर
सचिन जाटव- मृतका का भाई

