गुना में अवैध आतिशबाजी के खिलाफ छापामार कार्रवाई: बिना लाइसेंस घर में छिपा रखे थे 2 लाख के पटाखे; जब्त, आरोपी जहीर खान गिरफ्तार, विस्फोटक अधिनियम में केस दर्ज
Published:
3 min read

गुना में अवैध आतिशबाजी के खिलाफ छापामार कार्रवाई
गुना। दीपावली के त्योहार से पहले गुना पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की है। म्याना थाना पुलिस ने ग्राम ऊमरी में एक मकान पर दबिश देकर करीब 2 लाख रुपए कीमत की आतिशबाजी जब्त की है। मौके से विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरे चार कार्टून बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर मकान में दी दबिश
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ऊमरी में एक व्यक्ति ने दीपावली पर बिक्री के लिए अपने घर में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और एसडीओपी गुना हेमंत पाण्डेय के पर्यवेक्षण में म्याना थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई की।
सूचना की पुष्टि के बाद ऊमरी चौकी पुलिस ने बताए गए मकान पर दबिश दी। यहां जहीर खान पुत्र रहीस खान निवासी ग्राम ऊमरी मिला। मकान की तलाशी लेने पर आंगन में बने एक कमरे से आतिशबाजी से भरे चार कार्टून बरामद हुए।
रॉकेट, अनार और सुतली बम सहित कई पटाखे मिले
पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री में रॉकेट, अनार, चकरी, फुलझड़ी, सुतली बम, बुलेट बम और कलर कोटी सहित कई तरह के पटाखे शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।
जांच के दौरान आरोपी के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने पूरी सामग्री जब्त कर ली।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी जहीर खान के खिलाफ म्याना थाने में अपराध क्रमांक 270/26 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख)(1)(ख) में मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई म्याना थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया के नेतृत्व में की गई। टीम में ऊमरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज शर्मा, दीपक सिंह तोमर और अशोक गुर्जर सहित आरक्षक सुनील यादव, रंजीत सिंह और रामकृष्ण जाटव शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, दीपावली के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
ये भी पढ़ें - छतरपुर में 3 मंजिला मकान से अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा जब्त: बिना लाइसेंस रखा था स्टॉक; प्रशासन ने सामान सीज कर पुलिस को सौंपा

