छतरपुर में 3 मंजिला मकान से अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा जब्त: बिना लाइसेंस रखा था स्टॉक; प्रशासन ने सामान सीज कर पुलिस को सौंपा
Published:
2 min read

छतरपुर में 3 मंजिला मकान से अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा जब्त
छतरपुर। जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में एसडीएम गौरिहार विजय कुमार डेहरिया के नेतृत्व में ग्राम सरवई में एक तीन मंजिला रिहायशी भवन का निरीक्षण किया गया। यहां बड़ी मात्रा में पटाखे भंडारित मिले। भवन मालिक पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रशासनिक टीम ने पटाखों को जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
तीन मंजिला भवन में मिला पटाखों का भंडार
प्रशासन को ग्राम सरवई में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री की शिकायत मिली थी। इसके बाद टीम ने बेला तालाब के पास स्थित कैलाशचंद्र चौरसिया पिता बाबूलाल चौरसिया (52) के भवन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भवन के निचले तल पर पेंट और अन्य सामग्री रखी मिली, जबकि ऊपरी तल पर स्टेशनरी के सामान के साथ पटाखे भंडारित पाए गए। मौके पर पटाखों के 14 झाल, 19 कार्टून और पटाखों से भरा एक काउंटर मिला।
लाइसेंस नहीं दिखाने पर पटाखे जब्त
जांच के दौरान भवन मालिक पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने पटाखों को जब्त कर लिया।
जब्ती और पैकिंग की प्रक्रिया के दौरान पटाखों से भरे 22 कार्टून और 19 बोरियां तैयार की गईं। जब्त सामग्री को थाना प्रभारी सरवई के सुपुर्द किया गया।
प्रशासनिक टीम रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान एसडीएम गौरिहार, नायब तहसीलदार, आरआई सरवई, पटवारी और थाना प्रभारी सरवई पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


