ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज में छात्रा से वॉशरूम में दुष्कर्म का प्रयास: विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
Published:
2 min read

ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज में छात्रा से वॉशरूम में दुष्कर्म का प्रयास, फाइल फोटो।
ग्वालियर। गजराराजा मेडिकल कॉलेज (GRMC) में पढ़ने वाली एक छात्रा ने अपने ही सहपाठी पर पीछा करने, दोस्ती के लिए दबाव बनाने और दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी छात्र नीतेश कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेडिकल छात्रा का दोस्त ने पीछा किया, दोस्ती बनाने का दबाव और दुष्कर्म का प्रयास का आरोप
दरअसल, पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी नीतेश कुशवाह उसके साथ ही मेडिकल की पढ़ाई करता है। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान दोनों की पहचान हुई थी। आरोप है कि इसके बाद नीतेश ने उस पर दोस्ती बढ़ाने और संबंध बनाने का दबाव डालना शुरू कर दिया। छात्रा ने जब उसकी बातों को नजरअंदाज कर दूरी बनानी शुरू की तो आरोपी उसका पीछा करने लगा और जबरन बातचीत करने की कोशिश करने लगा। आरोपी की लगातार हरकतों से परेशान होकर छात्रा ने कॉलेज के शिक्षकों से भी शिकायत की थी, लेकिन इसके बावजूद उसकी गतिविधियां बंद नहीं हुईं।
गर्ल्स वॉशरूम में छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी और मारपीट
छात्रा के मुताबिक, 28 अक्टूबर को वह सुबह एक हजार बिस्तर अस्पताल में मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंच गया और उसकी गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद उसे अपने साथ चलने के लिए मजबूर किया और खींचकर गर्ल्स वॉशरूम में ले गया। आरोप है कि वहां आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने के साथ बदनाम करने की धमकी भी दी।
आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न और SC-ST एक्ट में केस दर्ज
घटना के बाद छात्रा ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी और उनके साथ झांसी रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, पीछा करने, रास्ता रोकने, मारपीट और धमकी देने सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस कॉलेज प्रबंधन और अन्य छात्रों से भी घटना को लेकर पूछताछ कर कार्रवाई में जुट गई हैं।
जयराज कुबेर, ASP ग्वालियर

