ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल की पार्किंग में मनमानी वसूली का मामला: 20 की जगह 50 रुपए लेने की शिकायत, रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर ने डीन से की कार्रवाई की मांग
Published:
3 min read

नगर निगम के रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर ने जयारोग्य अस्पताल में पार्किंग शुल्क के नाम पर 20 रुपए की जगह 50 रुपए लेने का आरोप लगाया।
ग्वालियर। जयारोग्य अस्पताल में पार्किंग शुल्क के नाम पर निर्धारित दर से अधिक वसूली का मामला सामने आया है। इस बार नगर निगम के रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर एपीएस भदौरिया ने पार्किंग कर्मचारियों पर 20 रुपए की जगह 50 रुपए लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ से इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। डीन ने अस्पताल अधीक्षक को मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
20 रुपए की जगह थमाई 50 की रसीद
रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर एपीएस भदौरिया के मुताबिक, वह जयारोग्य अस्पताल में फिजियोथेरेपी कराने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपना वाहन अस्पताल की पार्किंग में खड़ा किया। उन्होंने पार्किंग कर्मचारियों को अपना परिचय भी दिया, लेकिन इसके बावजूद उनसे पार्किंग शुल्क मांगा गया।
भदौरिया का आरोप है कि वाहन पार्किंग की निर्धारित दर 20 रुपए है, जबकि कर्मचारियों ने उनसे 50 रुपए लेकर उसी राशि की रसीद थमा दी। इसके बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ से मुलाकात कर अतिरिक्त वसूली की शिकायत दर्ज कराई।
पहले भी मिल चुकी हैं अधिक वसूली की शिकायतें
दरअसल, जयारोग्य अस्पताल में ग्वालियर-चंबल संभाग के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को अस्पताल परिसर में वाहन खड़ा करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें पार्किंग व्यवस्था का इस्तेमाल करना पड़ता है। पार्किंग शुल्क के नाम पर निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। इस बार नगर निगम के रिटायर्ड अधिकारी ने खुद अतिरिक्त वसूली का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन से शिकायत की है।
डीन ने अस्पताल अधीक्षक को दिए कार्रवाई के निर्देश
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने स्वीकार किया कि पार्किंग में निर्धारित दर से अधिक पैसे लेने की शिकायतें पहले भी मिल चुकी हैं। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक को मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
डीन ने कहा कि जयारोग्य अस्पताल में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर मरीज इलाज कराने आते हैं। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों से पार्किंग शुल्क के नाम पर अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एपीएस भदौरिया- रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर, नगर निगम
डॉ. आरकेएस धाकड़, डीन मेडिकल कॉलेज ग्वालियर

