JHA डीन पर हमले के विरोध में OBC महासभा का प्रदर्शन : बाल भवन से SP कार्यालय तक निकाला पैदल मार्च, चिकित्सकों की सुरक्षा बढ़ाने की उठाई मांग
Published:
2 min read

डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर हुए हमले के विरोध में प्रदर्शन।
ग्वालियर। जयारोग्य अस्पताल के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर हुए हमले के विरोध में गुरुवार को OBC महासभा ने प्रदर्शन किया। संगठन के नेतृत्व में किरार-धाकड़ समाज सहित OBC वर्ग के सैकड़ों लोगों ने बाल भवन से पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सिटी सेंटर तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद एसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
डीन पर हमले को लेकर समाज में आक्रोश
दरअसल, सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जयारोग्य अस्पताल समूह पहुंचने और शीतला माता मंदिर हादसे के पीड़ितों से मुलाकात के बाद डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर हमले का मामला सामने आया था। घटना को लेकर OBC महासभा ने नाराजगी जताई। संगठन का कहना है कि वरिष्ठ चिकित्सक और शासकीय अधिकारी पर हमला गंभीर मामला है। ऐसी घटनाओं से चिकित्सकों की सुरक्षा और उनके मनोबल पर असर पड़ता है। महासभा ने कहा कि कोरोना महामारी सहित अन्य आपात परिस्थितियों में चिकित्सकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
आरोपी के नार्को टेस्ट और मोबाइल CDR की मांग
OBC महासभा ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें आरोपी मनोज शर्मा का नार्को टेस्ट कराने की मांग प्रमुख रही। संगठन ने आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की भी मांग की। महासभा ने कहा कि जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं और संभावित अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जानी चाहिए। संगठन ने वीडियो में आरोपी द्वारा कथित तौर पर खुद को पागल बताने संबंधी बयान की भी जांच कराने की मांग उठाई।
चिकित्सकों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
संगठन ने डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ सहित अन्य चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री के JAH दौरे के दौरान सामने आई घटना को विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर बताया। महासभा ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ये भी पढ़ें- धार में गुजरी मार्ग पर चलती कार बनी आग का गोला: कुछ ही मिनटों में गाड़ी जलकर हुई खाक, सवारों ने कूदकर बचाई जान
विजय कुमार- OBC महासभा संस्थापक
जयराज कुबेर- ASP ग्वालियर

