ग्वालियर में अवैध कच्ची शराब का खुलेआम कारोबार: महिलाएं सड़क किनारे 40 रुपए में बेच रही पाउच, वीडियो VIRAL; आबकारी विभाग जांच में जुटा
Published:
2 min read

ग्वालियर में 40 रुपए में बिक रही अवैध कच्ची शराब, वीडियो वायरल।
ग्वालियर। जिले के ग्रामीण इलाकों में अवैध कच्ची शराब की बिक्री का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल दो वीडियो में महिलाएं सड़क किनारे बैठकर खुलेआम शराब के पाउच बेचती नजर आ रही हैं। वीडियो में एक पाउच की कीमत 40 रुपए बताई जा रही है। मामला सामने आने के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
डबरा और चीनौर के बताए जा रहे वीडियो
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो डबरा की लक्ष्मी कॉलोनी और चीनौर के इटायल रोड पर महाराजपुर पुलिया के पास के बताए जा रहे हैं। दोनों वीडियो दो दिन पहले दिन के समय बनाए गए थे। इनमें महिलाएं फुटपाथ और सड़क किनारे बैठकर ग्राहकों को शराब के पाउच बेचती दिखाई दे रही हैं।
आबकारी विभाग ने बनाई विशेष टीमें
वीडियो जिला सहायक आबकारी अधिकारी राजेश कुमार तिवारी के संज्ञान में आने के बाद विभाग सक्रिय हो गया है। अवैध शराब की बिक्री रोकने और कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देकर जांच कर रही हैं।
ग्रामीण इलाकों में चल रहा अवैध कारोबार
सहायक आबकारी अधिकारी राजेश कुमार तिवारी के अनुसार, जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पनिहार से मोहना, डबरा, भितरवार और महाराजपुरा सहित शहर के सीमावर्ती इलाकों में कुछ लोग चोरी-छिपे अवैध शराब का कारोबार कर रहे हैं। विभाग समय-समय पर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करता है।
पहचान के बाद होगी सख्त कार्रवाई
तिवारी ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शराब और उससे जुड़ी सामग्री जब्त की जाती है। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किए जाते हैं। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर शराब बेचने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजेश तिवारी, प्रभारी, आबकारी कंट्रोल

