ग्वालियर में दिवाली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी: 135 किलो पनीर जब्त, जांच के लिए भेजे नमूने; लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
Published:
2 min read

ग्वालियर में घर से 135 किलो पनीर जब्त, जांच के लिए भेजे नमूने।
ग्वालियर। दिवाली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने शुक्रवार को पिछोर में एक घर पर छापा मारकर 135 किलो पनीर जब्त किया है। यह पनीर राकेश बघेल के घर से मिला है। टीम ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।
सूचना मिलने पर पुलिस के साथ पहुंची टीम
खाद्य अधिकारी गिरीश राजौरिया के मुताबिक, विभाग को सूचना मिली थी कि पिछोर में एक घर के अंदर बड़े पैमाने पर पनीर का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना की जांच के लिए खाद्य विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और राकेश बघेल के घर पर छापा मारा।
घर की तलाशी के दौरान वहां बड़ी मात्रा में पनीर मिला। टीम ने करीब 135 किलो पनीर जब्त किया। इसके नमूने लेने के बाद पूरे पनीर को फ्रिज में रखकर सीलबंद कर दिया गया। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई की खबर फैलते ही दुकानदारों में हलचल
पिछोर में खाद्य विभाग की कार्रवाई की खबर फैलने के बाद दूध और डेयरी उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों में हलचल मच गई। जानकारी के मुताबिक, कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए।
त्यौहार को देखते हुए चलाया जा रहा जांच अभियान
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि त्यौहारों के दौरान पनीर, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका रहती है। इसे रोकने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, मिलावटखोरी के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरीश राजोरिया, फूड अधिकारी

