मध्य प्रदेश में तूफान अर्नब का असर बरकरार: 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; किसानों की बढ़ी चिंता; भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में निकलेगी धूप
Published:
3 min read

मध्य प्रदेश के 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट (फाइल फोटो)।
भोपाल। मध्य प्रदेश में तूफान अर्नब का असर अब भी दिखाई दे रहा है। तूफान कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है, लेकिन प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और शहडोल समेत 27 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। वहीं भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित कई शहरों में मौसम साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।
बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी
बेमौसम बारिश से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। खेतों में धान की फसल खड़ी है। वहीं मंडियों में खुले में रखा अनाज भी बारिश से प्रभावित हो रहा है। ऐसे में मौसम का बदला मिजाज किसानों के लिए चिंता का कारण बन गया है।
27 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, धार, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल और सागर सहित आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में धूप निकल सकती है।
38 जिलों के 155 शहरों में हुई बारिश
पिछले दिनों प्रदेश के बड़े हिस्से में बारिश दर्ज की गई। करीब 38 जिलों के 155 शहरों और कस्बों में पानी गिरा। अनूपपुर में तीन इंच से ज्यादा बारिश हुई। अमरकंटक में सवा दो इंच और सिंगरौली में करीब दो इंच पानी दर्ज किया गया। अनूपपुर में तेज हवाएं भी चलीं। यहां हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। वहीं रतलाम में शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदला और मावठे जैसे हालात बन गए।
तापमान गिरने से दिन में भी महसूस हुई ठंडक
आंधी और बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट आई है। गुरुवार और शुक्रवार को कई शहरों में दिन का तापमान दो से तीन डिग्री तक नीचे चला गया। इससे दिन में भी हल्की ठंडक महसूस होने लगी। कुछ इलाकों में रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में तेज धूप निकलेगी, जबकि दक्षिणी और पूर्वी मध्य प्रदेश में मौसमी सिस्टम का असर ज्यादा दिखाई दे सकता है। इन इलाकों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।

