ग्वालियर के आई केयर क्लीनिक में मोबाइल ब्लास्ट : आग की लपटें उठते ही भागते नजर आए मरीज; इलाज कराने पहुंचा था युवक
Published:
3 min read

युवक के हाथ में अचानक फटा मोबाइल, कर्मचारी ने बाल्टी से पानी डालकर बुझाई आग।
ग्वालियर। शहर के थाटीपुर चौराहे के पास स्थित आई केयर क्लीनिक में रविवार दोपहर मोबाइल फोन में अचानक ब्लास्ट होने से हड़कंप मच गया। क्लीनिक के वेटिंग एरिया में बैठे एक युवक के हाथ में मोबाइल फट गया। धमाके के बाद फोन में आग लग गई और उससे लपटें उठने लगीं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से क्लीनिक में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे। क्लीनिक में नवजात बच्चे और अन्य मरीज भी मौजूद थे। हालांकि, राहत की बात रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मोबाइल ब्लास्ट की पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
डॉक्टर को दिखाने पहुंचा था युवक
घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की है। एक युवक डॉ. आशुतोष शर्मा को दिखाने के लिए आई केयर क्लीनिक पहुंचा था। वह वेटिंग एरिया में बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसके हाथ में मौजूद मोबाइल फोन अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके के साथ ही मोबाइल में आग लग गई और उससे आग की लपटें उठने लगीं। अचानक हुई इस घटना से आसपास बैठे लोग घबरा गए। कुछ ही पल में क्लीनिक का वेटिंग एरिया अफरा-तफरी में बदल गया।
नवजात बच्चों की मौजूदगी से बढ़ी चिंता
मोबाइल में धमाके और आग लगने के बाद क्लीनिक में मौजूद मरीज और उनके परिजन घबराकर बाहर की ओर भागने लगे। क्लीनिक में नवजात बच्चे भी मौजूद थे, जिसके चलते लोगों की चिंता और बढ़ गई। अचानक हुए धमाके से कुछ देर के लिए पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया। लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहमे नजर आए।
कर्मचारी ने बाल्टी से पानी डालकर बुझाई आग
मोबाइल में आग लगते ही क्लीनिक के कर्मचारी ने तत्काल स्थिति को संभाला। उसने बाल्टी से पानी डालकर जलते हुए मोबाइल की आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे लपटें आसपास रखे फर्नीचर और अन्य उपकरणों तक नहीं पहुंच सकीं। कर्मचारी की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
मोबाइल ब्लास्ट की यह घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। सामने आए फुटेज में मोबाइल में आग लगने के बाद वहां मौजूद लोगों की घबराहट और अफरा-तफरी दिखाई दे रही है। अचानक मोबाइल में ब्लास्ट होने से क्लीनिक में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया था। समय रहते आग बुझाए जाने से मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिली।
ये भी पढ़ें- धार में ड्रोन से पकड़ाई 50 करोड़ की गांजे की खेती : 172 क्विंटल माल जब्त, एक माह में 25 केस दर्ज, 15 आरोपी गिरफ्तार

