ग्वालियर में कलयुगी बेटे-बहू का खौफनाक चेहरा: संपत्ति के लिए बुजुर्ग माता-पिता पर अत्याचार, कमरे के बाहर लगे CCTV तोड़े; एसपी से मांगी सुरक्षा
Published:
3 min read

ग्वालियर में कलयुगी बेटा-बहू बने जल्लाद
ग्वालियर। बुजुर्ग मां-बाप ने जिस बेटे को पाल पोसकर बड़ा किया, सोचा कि बुढ़ापे का सहारा बनेगा, वही बेटा उनका जान का दुश्मन बन गया। संपत्ति के लिए बेटा और बहू बुजुर्ग माता-पिता के साथ बेरहमी से मारपीट करने लगे। डर के कारण माता-पिता ने कमरे के बाहर CCTV कैमरे लगवा लिए, लेकिन बेटे ने उन कैमरों को भी तोड़ दिया। पीड़ा लेकर बुजुर्ग पति-पत्नी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और बहू-बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, मामला महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम का है। यहां रहने वाले 64 वर्षीय नरेश शर्मा स्वास्थ्य विभाग में कंपाउंडर के पद पर पदस्थ थे और मई 2025 में रिटायर हुए हैं। मंगलवार को वह अपनी पत्नी पुष्पा शर्मा के साथ रोते-बिलखते एसपी कार्यालय पहुंचे। उनकी आंखों में आंसू थे और हाथ में एक ही सवाल था कि क्या यही दिन देखने के लिए बेटे को बड़ा किया था..? उन्होंने पुलिस को रोते बिलखते हुए बताया कि पिछले 3 साल से उनका छोटा बेटा मनुदत्त शर्मा और छोटी बहू दिव्या उर्फ चुनमुन शर्मा संपत्ति के लिए उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। बड़ी बहू अगर चुपके से रोटी दे देती है तो छोटा बेटा और छोटी बहू थाली फेंक देते हैं।
बेटे-बहू की प्रताड़ना से बचने के लिए कमरे के बाहर लगवाया CCTV कैमरे
भूखे पेट सोना अब उनकी नियति बन गई है। डर इतना बढ़ गया कि बूढ़े बाप ने अपने ही घर में, अपने ही कमरे के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवा लिए ताकि अत्याचार का कोई सबूत तो रहे। लेकिन बेटा इस पर और बौखला गया और उसने कैमरे भी तोड़ दिए। नरेश शर्मा का आरोप है कि उनके दो बेटे हैं छोटे बेटे ने बड़े बेटे ऋतुराज शर्मा को भी शराब की लत लगाकर बिगाड़ दिया है। बड़े बेटे की पत्नी विनीता शर्मा ब्रेन हेमरेज की शिकार हैं। जबकि छोटा बेटा मनुदत्त एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक है, जो बच्चों को संस्कार का पाठ पढ़ाता है, लेकिन घर में अपने ही मां-बाप पर अत्याचार कर धमकाता है।
"साहब, हमें बचा लो, ये लोग किसी दिन हमारी जान ले लेंगे"
बुजुर्ग दंपति ने यह भी बताया कि बहू के मायके पक्ष के लोग भी उन्हें फोन पर धमकाते हैं। पुष्पा देवी की कांपती आवाज में सिर्फ एक ही डर था - "साहब, हमें बचा लो, ये लोग किसी दिन हमारी जान ले लेंगे।" पुलिस ने बुजुर्ग दंपति की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल महाराजपुरा थाना प्रभारी को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही परिवार की काउंसलिंग कर बहू-बेटे के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ये भी पढ़ें - ग्वालियर में धार्मिक वीडियो देखने पर भड़का पति: पत्नी पर तलवार से किया जानलेवा हमला, गंभीर हालत में JAH ट्रॉमा सेंटर रेफर
नरेश शर्मा, बुजुर्ग फरियादी पिता
पुष्पा शर्मा, बुजुर्ग मां
मनीष यादव, CSP ग्वालियर

