ग्वालियर में धार्मिक वीडियो देखने पर भड़का पति: पत्नी पर तलवार से किया जानलेवा हमला, गंभीर हालत में JAH ट्रॉमा सेंटर रेफर
Published:
3 min read

भगवान राम का वीडियो देखने पर भड़का पति, पत्नी पर किया तलवार से जानलेवा हमला, फाइल फोटो।
ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ागेट कांचमील में मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आए पति ने मंदिर में रखी तलवार उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया। महिला के सिर, गर्दन, हाथ और घुटने पर गंभीर चोटें आई हैं। खून से लथपथ महिला जान बचाने के लिए पड़ोसी के घर में घुस गई, जहां बेहोश हो गई। परिजन उसे जेएएच के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मोबाइल पर भगवान राम का वीडियो देखने पर पति ने पत्नी पर तलवार से मार किया
दरअसल घटना हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ागेट कांचमील इलाके में सोमवार रात की है। जहां बड़ागेट कांचमील निवासी 36 वर्षीय रेवती उर्फ रीतू तोमर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बच्ची के साथ कमरे में बैठकर मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देख रही थी। इसी दौरान उसका 38 वर्षीय पति करनवीर उर्फ करू सिंह तोमर वहां पहुंचा। उसने पत्नी से श्रीराम के वीडियो देखने के बजाय महाकाल के वीडियो देखने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
विवाद के बीच पति ने कर दी तलाक देने की बात
विवाद के दौरान पति ने पत्नी से तलाक लेने की बात कही। आरोप है कि बहस बढ़ने पर करनवीर गुस्से में घर के मंदिर में रखी तलवार निकाल लाया। उसने रीतू को धमकाते हुए जान से मारने की बात कही और उस पर हमला कर दिया। रीतू के मुताबिक, आरोपी पति ने सबसे पहले उसके सिर और हाथ पर तलवार से वार किए। हाथ पर चोट लगने से उसकी कलाई में गहरा घाव हो गया। हमले से बचने के लिए वह चीखते हुए घर से बाहर भागी, लेकिन आरोपी ने पीछा कर उसकी गर्दन और घुटने के ऊपर भी तलवार से वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जान बचाने के लिए पड़ोसी के घर घुसी महिला, अस्पताल में इलाज जारी
खून से लथपथ रीतू ने जान बचाने के लिए पड़ोसी के घर में शरण ली और अंदर से कमरा बंद कर लिया। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गई। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों और परिजनों ने उसे संभाला और तत्काल जेएएच अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
शिकायत के बाद आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद हजीरा थाना पुलिस ने महिला के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर करनवीर उर्फ करू सिंह तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़ें - कटनी के माधवनगर में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई: टाल व्यवसायी के 3 ठिकानों पर एक साथ छापा, वित्तीय दस्तावेजों की जांच जारी
नागेंद्र सिंह सिकरवार, CSP ग्वालियर

