ग्वालियर में स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, 2 युवक गिरफ्तार: UP की नाबालिग भी मिली, महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में घर भेजा; अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई
Published:
2 min read

डबरा में पुलिस ने ग्वालियर रोड स्थित कियोरा स्पा सेंटर पर छापा मारकर दो युवकों और एक नाबालिग लड़की को पकड़ा।
ग्वालियर। जिले के डबरा में रविवार देर रात पुलिस ने ग्वालियर रोड स्थित कियोरा स्पा सेंटर पर छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान वहां दो युवक और एक नाबालिग लड़की मिली। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, उत्तर प्रदेश की रहने वाली नाबालिग लड़की की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में घर भेजने की व्यवस्था की गई।
अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, डबरा सिटी थाना पुलिस को ग्वालियर रोड स्थित कियोरा स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद SDOP सौरभ कुमार और सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ स्पा सेंटर पहुंचे। वहां छापेमारी के दौरान जांच की गई, जिसमें दो युवक और एक लड़की मौजूद मिली। लड़की की उम्र नाबालिग बताई गई है।
कानपुर और डबरा के युवक हिरासत में
कार्रवाई के दौरान मिले दोनों युवकों में से एक कानपुर का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा डबरा का रहने वाला है। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जहां उनसे स्पा सेंटर में चल रही गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्पा सेंटर में क्या गतिविधियां संचालित हो रही थीं और मामले से जुड़े अन्य तथ्य क्या हैं।
नाबालिग लड़की को घर भेजा
स्पा सेंटर में मिली नाबालिग लड़की उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई गई है। उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में उसे घर भेजने की व्यवस्था की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। दोनों युवकों से पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े़ं- श्योपुर में स्कूटी सवार युवतियों से छेड़छाड़ का आरोप: बाइक सवार 3 युवकों ने की अभद्रता, नाबालिग गिरफ्तार
सौरभ कुमार, SDOP डबरा ग्वालियर

