श्योपुर में स्कूटी सवार युवतियों से छेड़छाड़ का आरोप: बाइक सवार 3 युवकों ने की अभद्रता, नाबालिग गिरफ्तार; 2 की तलाश जारी
Published:
3 min read

ग्राम रायपुरा में मनिहारी का सामान बेचकर घर लौट रही थीं युवतियों से छेड़छाड़ का आरोप। (फाइल फोटो)
श्योपुर। जिला मुख्यालय के नजदीक ग्राम रायपुरा में रविवार शाम स्कूटी से घर लौट रही दो युवतियों के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने रास्ते में युवतियों के साथ अभद्रता की। युवतियों ने विरोध करते हुए एक युवक को पकड़ लिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पकड़ा गया आरोपी नाबालिग बताया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
मनिहारी का सामान बेचकर लौट रही थीं युवतियां
जानकारी के अनुसार, ग्राम रायपुरा की दोनों युवतियां मनिहारी का सामान बेचने का काम करती हैं। रविवार शाम करीब 5:30 बजे वे सामान बेचकर स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे। आरोप है कि तीनों युवकों ने युवतियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता शुरू कर दी। युवतियों ने इसका विरोध किया और हिम्मत दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया। घटना के दौरान युवतियों के विरोध और शोर मचाने पर आसपास के लोगों का ध्यान उनकी ओर गया।
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण
युवतियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पकड़े गए युवक को अपने कब्जे में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद ग्रामीण भाजपा नेता रामलखन नापाखेड़ली के साथ देहात थाने पहुंचे और मामले में शामिल तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
1 आरोपी गिरफ्तार, 2 तलाश जारी
SDOP आनंद राय के अनुसार, मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो नाबालिग बताया गया है। पुलिस बाकी दो आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम स्थिति जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
युवतियों की सुरक्षा को लेकर चिंता
ग्राम रायपुरा में हुई इस घटना के बाद सार्वजनिक रास्तों पर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। मनिहारी का सामान बेचकर घर लौट रही युवतियों के साथ हुई कथित घटना ने इलाके में चर्चा पैदा कर दी है। फिलहाल पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ये भी पढे़ं- धार में जिंदा जले कार सवार 4 दोस्त: टक्कर के बाद गाड़ी में लगी आग, सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे 5 युवक

