गुना में 19 वर्षीय युवती के खुदकुशी के मामले ने पकड़ा तूल: परिजनों ने FIR दर्ज न होने पर किया चक्काजाम, गांव के युवक पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप
Published:
3 min read

परिजनों ने युवक पर प्रताड़ना के लगाए आरोप
गुना। जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसी खुर्द में 19 वर्षीय युवती की फांसी लगाने से मौत के बाद परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और शादी के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस की शुरुआती कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार को शहर के हनुमान चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। अधिकारियों के निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे में प्रदर्शन समाप्त हुआ।
घर में अकेली थी युवती
जानकारी के अनुसार, घटना के समय युवती के परिजन मक्का निकालने के लिए खेत पर गए हुए थे। युवती घर में अकेली थी। परिजन जब लौटे तो उसे घर के अंदर फंदे पर लटका पाया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई। शनिवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
युवक पर परेशान करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि गांव का ही एक युवक पिछले कुछ समय से युवती को परेशान कर रहा था। उनके मुताबिक, युवक शादी के लिए दबाव बनाता था और फोन पर भी परेशान करता था। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि युवक कई बार उनके घर में घुसा और युवती को धमकियां दीं। परिजनों का कहना है कि इन हरकतों के कारण उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप
युवती की मौत के बाद परिजन न्याय की मांग लेकर बजरंगगढ़ थाने पहुंचे। उनका आरोप है कि वे तीन बार थाने गए, लेकिन उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई और आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई भी नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते परिजन और ग्रामीण हनुमान चौराहे पर एकत्र हुए और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।
अधिकारियों के आश्वासन पर खुला रास्ता
चक्काजाम की सूचना पर सीएसपी सैफा हाशमी और तहसीलदार मयंक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
पुलिस दर्ज कर रही परिजनों के बयान
सीएसपी सैफा हाशमी ने बताया कि सिरसी खुर्द में 19 वर्षीय युवती की आत्महत्या का मामला सामने आया है। परिजन कथित रूप से प्रताड़ित करने वाले युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संतोष सिंह धाकड़, मृतक के पिता
सैफा हाशमी, SP

