गुना के राघौगढ़ में खूनी संघर्ष: खाना खा रहे परिवार पर घर में घुसकर फरसी और लाठी-डंडों से हमला, महिलाओं समेत 7 लोग घायल
Published:
2 min read

गुना में खूनी संघर्ष घर में खाना खा रहे परिवार पर फरसी से हमला, फाइल फोटो।
गुना। जिले के राघौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ी डांग में बुधवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि फरसी, लाठी और अन्य धारदार हथियार लेकर कुछ लोग एक घर में घुस गए और खाना खा रहे परिवार पर हमला कर दिया। घटना में महिलाओं और बुजुर्गों सहित सात लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
घर में घुसकर हमला करने का आरोप
घायल ध्रुवलाल बंजारा के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 7 बजे वह घर में बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान गांव के सुल्तान, पप्पू, लता सहित करीब 10 से 15 लोग कथित तौर पर घर में घुस आए। आरोप है कि उनके पास फरसी, लाठियां और अन्य धारदार हथियार थे। गाली-गलौज के बाद विरोध करने पर मारपीट शुरू हो गई। ध्रुवलाल का आरोप है कि उस पर फरसी से वार किया गया। उसे बचाने आए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई।
सात घायलों का जिला अस्पताल में इलाज
हमले में ध्रुवलाल, बने सिंह, मोहरलाल, बबलू, दुर्गा, लाखन और भंवरलाल घायल हुए हैं। इनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल बताए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सभी का उपचार जारी है।
विवाद की वजह की जांच में जुटी पुलिस
घटना की वजह को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। घायल पक्ष का कहना है कि उनकी कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से इसे आपसी कहासुनी से जुड़ा विवाद बताया गया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
गांव में बढ़ाई पुलिस गश्त
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, विवाद में शामिल लोगों की भूमिका और हथियारों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - एमसीबी केल्हारी यात्री बस सड़क हादसा: CM साय ने की मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार सहायता देने की घोषणा की
पीड़ित
प्रशांत सिंह सुमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

