एमसीबी केल्हारी यात्री बस सड़क हादसा: CM साय ने की मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार सहायता देने की घोषणा की
Published:
3 min read

मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार सहायता राशि की घोषणा
एमसीबी। केल्हारी-केशवाही के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में छह लोगों की मौत की सूचना से शोक की लहर है। घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
घायलों का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
इधर, हादसे में घायल लोगों का हाल जानने और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल शुक्रवार को मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तर सिविल अस्पताल पहुंचेंगे। प्रस्तावित दौरे के दौरान मंत्री करीब एक घंटे अस्पताल में रुककर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे मरीजों को मिल रहे उपचार की जानकारी लेने के साथ अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
केशवाही के पास यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई थी, हादसे में 6 की मौत
जानकारी के अनुसार, मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही एक यात्री बस केशवाही के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में छह लोगों की मौत की सूचना सामने आई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर सिविल अस्पताल रेफर किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री का निर्देश- घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे से फोन पर चर्चा कर हादसे और घायलों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उपचार में चूक पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की बात भी कही।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया
दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और जिला प्रशासन को राहत एवं उपचार संबंधी आवश्यक निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें - दुर्ग में पुरानी रंजिश का खूनी अंत: उरला में 18 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या, आरोपी की तलाश जारी

