दुर्ग में पुरानी रंजिश का खूनी अंत: उरला में 18 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या, आरोपी की तलाश जारी
Published:
2 min read

उरला में 18 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या, फाइल फोटो।
दुर्ग। जिले में एक बार फिर पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। मोहन नगर थाना क्षेत्र के उरला स्थित मुंबई आवास में 18 वर्षीय युवक शिवा सोनी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जैसे ही हत्या की खबर मोहल्ले में फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
पुरानी रंजिश के चलते हत्या
दरअसल घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल, सीएसपी भारती मरकाम समेत मोहन नगर थाना पुलिस की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि शिवा सोनी की पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
पुलिस आरोपी लक्ष्य की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम का खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।दूसरी ओर, बेटे की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है। वहीं दुर्ग सीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि शिवा सोनी की चाकू मारकर हत्या की गई है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की विवेचना की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखा गया है।
भारती मरकाम,सीएसपी दुर्ग

