गुना में दीपावली से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नवनिर्मित मकान से 1.10 लाख के पटाखे जब्त, बिना लाइसेंस भंडारण करने वाले चाचा-भतीजे पर केस दर्ज
Published:
2 min read

गुना में चाचा-भतीजे के घर से 1.10 लाख के अवैध पटाखे जब्त।
गुना। जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दीपावली से पहले अवैध रूप से रखे पटाखों के खिलाफ शुक्रवार को कार्रवाई की है। पुलिस ने गोया रोड स्थित कुम्हार मोहल्ले के एक नवनिर्मित मकान पर दबिश देकर करीब 1 लाख 10 हजार रुपए कीमत के पटाखे और आतिशबाजी सामग्री जब्त की है। मकान में पटाखों के भंडारण का लाइसेंस नहीं मिला। मामले में चाचा और भतीजे के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
जानकारी के अनुसार, बीनागंज चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोया रोड के कुम्हार मोहल्ले में बने एक नए मकान में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली। इस दौरान अलग-अलग तरह के पटाखे कार्टून और डिब्बों में रखे मिले।
पटाखे रखने का लाइसेंस और दस्तावेज नहीं मिले
पुलिस ने मकान मालिक से पटाखों के भंडारण से संबंधित लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज मांगे। लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके अलावा मकान में पटाखों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी इंतजाम भी नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने पूरी आतिशबाजी सामग्री जब्त कर ली।
चाचा के साथ मिलकर खरीदे थे पटाखे
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में चंद्रमोहन पुत्र फूल सिंह विश्वकर्मा निवासी निचला बाजार, बीनागंज का नाम सामने आया है। पूछताछ में उसने बताया कि पटाखे उसने अपने चाचा वीरेंद्र पुत्र दीनदयाल विश्वकर्मा के साथ मिलकर खरीदे थे। दोनों ने पटाखों को नवनिर्मित मकान में रखा था।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से करीब 1 लाख 10 हजार रुपए कीमत की पटाखा सामग्री जब्त की है। इस मामले में चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 394/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने चंद्रमोहन और वीरेंद्र के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

