गुना में पाराशर डेयरी पर प्रशासनिक छापा: बदबूदार मिक्स केक मिलने पर हड़कंप, मावा और पनीर के नमूने जांच के लिए लैब भेजे
Published:
2 min read

बदबू आने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को बुलाया
गुना। त्यौहारों से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट और खराब गुणवत्ता की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने जयस्तंभ चौराहे स्थित पाराशर डेयरी पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मावा, पनीर और माधव मिक्स केक के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। निरीक्षण के दौरान डेयरी में रखा मिक्स केक खराब अवस्था में मिला, जिससे तेज बदबू आ रही थी।
बदबू आने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को बुलाया
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डेयरी में रखे मिक्स केक की स्थिति देखी। उससे तेज बदबू आने पर उसकी गुणवत्ता को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। विभागीय टीम ने मावा, पनीर और मिक्स केक के नमूने एकत्रित कर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की।
त्यौहारों से पहले मिलावट पर नजर
त्यौहारों के दौरान मावा, पनीर, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रहा है। यह कार्रवाई शासन के ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत की गई।
कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम की कार्रवाई
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश और डिप्टी कलेक्टर के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मयंक तिवारी, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट आरती गौतम सहित राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, पाराशर डेयरी पहुंचने से पहले टीम ने जिला अस्पताल का भी औचक निरीक्षण किया था।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
नायब तहसीलदार आरती गौतम ने बताया कि आगामी त्यौहारों को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। पाराशर डेयरी में मिक्स केक से बदबू आने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को बुलाकर नियमानुसार सैंपलिंग कराई गई। फिलहाल नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि त्यौहारोंके दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें - गुना में 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण-दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार: पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय ने भेजा जेल
आरती गौतम, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट

