गुना में 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण-दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार: पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय ने भेजा जेल
Published:
2 min read

गुना में 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण व दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार, फाइल फोटो।
गुना। कैंट थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 19 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विष्णु सहरिया, निवासी ग्राम विसोनिया के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
5 अक्टूबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, 4 और 5 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि में कैंट थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका लापता हो गई थी। उसके पिता ने 5 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 895/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस ने 10 अक्टूबर को बालिका को दस्तयाब कर सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया था।
पीड़िता के बयान के बाद बढ़ाई गईं धाराएं
पुलिस के मुताबिक, बालिका के बयान के आधार पर आरोपी विष्णु सहरिया पर बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप सामने आए। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 64(2)(एम) और 351(3) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5L/6 जोड़ी गईं। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली। इसके आधार पर कैंट थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई कर विष्णु पुत्र बलराम सहरिया, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम विसोनिया को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और सीएसपी सैफा हासमी के पर्यवेक्षण में की गई। टीम में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, प्रधान आरक्षक लखन किरार और राजबहादुर मीना, आरक्षक विनोद धाकड़ तथा महिला आरक्षक तेजस्विता जादौन शामिल रहीं।


