धार में ट्रेन के उद्घाटन पर गरमाई सियासत: कांग्रेस नेता उमंग सिंघार का PM मोदी पर तंज, बोले- 16 साल क्यों रुकी रही ट्रेन?, ये सरकार की नाकामी
Published:
3 min read

मनमोहन सिंह द्वारा किया गया था शिलान्यास।
धार। जिले के टांडा रोड रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किए जाने के बाद मध्य प्रदेश में सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ट्रेन के उद्घाटन को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस ट्रेन का उद्घाटन किया गया है, उसकी आधारशिला पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में रखी गई थी। उन्होंने सवाल किया कि आखिर 16 साल तक आदिवासी क्षेत्र की उपेक्षा क्यों की गई?
‘मोदी जी ने कौन सी नई ट्रेन दी?’
उमंग सिंघार ने प्रधानमंत्री के ट्रेन उद्घाटन को लेकर निशाना साधते हुए कहा, “मोदी जी कौन सी नई ट्रेन दी? शिलान्यास तो मनमोहन सिंह जी ने किया था।” उन्होंने कहा कि परियोजना की आधारशिला पहले रखी जा चुकी थी, लेकिन इसे पूरा होने में लंबा समय लगा। सिंघार ने कहा कि इतने लंबे समय तक आदिवासी बहुल क्षेत्र को रेल सुविधा से दूर रखना सरकार की नाकामी है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह परियोजना पहले से प्रस्तावित और शिलान्यासित थी, तो इसे पूरा करने में 16 साल क्यों लग गए।
‘16 साल बाद ट्रेन आई, इसका स्वागत है’
हालांकि, नेता प्रतिपक्ष ने ट्रेन सेवा शुरू होने का स्वागत भी किया। उन्होंने कहा कि 16 साल बाद आदिवासी क्षेत्र में ट्रेन आई है, इसका स्वागत किया जाना चाहिए। नई रेल सुविधा से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के शुरू होने से आदिवासी क्षेत्र के लोगों को गुजरात में मजदूरी के लिए जाने में सुविधा होगी। इसके अलावा बड़ौदा में इलाज कराने जाने वाले लोगों के लिए भी आवागमन आसान होगा। ऐसे में रेल सेवा शुरू होना क्षेत्र के लिए निश्चित तौर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
‘सरकार की नाकामी पर भी सवाल जरूरी’
सिंघार ने कहा कि विकास कार्य का स्वागत अपनी जगह है, लेकिन इसके लिए यह सवाल भी पूछा जाना चाहिए कि जिस आदिवासी क्षेत्र को रेल सुविधा का इंतजार था, उसे इतने वर्षों तक क्यों इंतजार करना पड़ा। उन्होंने इसे सरकार की नाकामी बताते हुए कहा कि आदिवासी क्षेत्रों के विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीरता से काम किए जाने की जरूरत है।
‘फूफाजी’ वाले बयान पर सिंघार का पलटवार
प्रधानमंत्री के ‘फूफाजी’ वाले बयान को लेकर भी सिंघार ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बयानबाजी से अलग क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए। उनका कहना है कि ट्रेन शुरू होने से लोगों को सुविधा मिलेगी, लेकिन इसके पीछे हुई लंबी देरी पर सवाल उठाना भी जरूरी है। टांडा रोड रेलवे स्टेशन से ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद अब क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि इससे रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरतों के लिए गुजरात और आसपास के बड़े शहरों तक पहुंच आसान होगी।
ये भी पढ़ें- MP में मानसून की रफ्तार पड़ी धीमी: अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज; 32 जिलों में अभी भी बारिश की कमी
उमंग सिंघार, नेता प्रतिपक्ष

